बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में अतिक्रमण हटाने के दौरान पोल में आया करंट, चपेट में आने से गाय की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम
बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में अतिक्रमण हटाने के दौरान बिजली के तार से करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-333बी को जाम कर दिया।
Begusarai News: बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में एनएच-333बी सड़क पर स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. बुलडोजर से मकान ध्वस्त करने के क्रम में बिजली का तार टूटकर पोल से छू गया, जिससे पोल में करंट प्रवाहित होने लगा. इसकी चपेट में आने से हीरा टोल निवासी सेठो यादव की खूंटे से बंधी गाय की मौके पर ही मौत हो गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-333बी को जाम कर जमकर हंगामा किया.
आपके शहर में
बिना बिजली काटे चला बुलडोजर, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना बिजली आपूर्ति काटे ही जेसीबी से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया था. इस लापरवाही के कारण ही तार टूटा और गरीब पशुपालक की गाय की जान चली गई. गाय की मौत से पीड़ित परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. सड़क जाम की सूचना मिलते ही सीओ संतोष कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लगभग एक घंटे की वार्ता के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया.
पीड़ित पशुपालक ने सीओ को आवेदन सौंप मुआवजे की लगाई गुहार
इस संबंध में गुरुवार की सुबह पीड़ित पशुपालक सेठो यादव ने साहेबपुरकमाल अंचलाधिकारी (सीओ) को लिखित आवेदन देकर सरकार से उचित आर्थिक मुआवजे की मांग की है. अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है. बता दें कि स्थानीय प्रशासन द्वारा एनएच-333बी पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया गया था, जिसमें दर्जनों दुकानों व मकानों को ध्वस्त किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए