बाढ़ में डूबे घर से सामान लेने गए पिता-पुत्र, बेटे को करंट लगा तो बचाने पहुंचे पिता की भी मौत, ग्रामीणों ने सड़क जाम किया
ग्रामीणों से बात करते बरौनी बीडीओ
बेगूसराय के सिसवा गांव में बाढ़ प्रभावित घर में करंट लगने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन।
Father and son die of electrocution : बेगूसराय जिले के बीहट में बरौनी रिफाइनरी थाना क्षेत्र की केशावे पंचायत के सिसवा गांव के वार्ड-11 में सोमवार को बाढ़ प्रभावित घर में करंट लगने से पिता और पुत्र की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय कैलाश मोची और उनके 26 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
सामान निकालने गए थे घर, इसी दौरान चपेट में आए
जानकारी के अनुसार, सिसवा गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश करने के बाद कैलाश मोची का परिवार विस्थापित होकर सुरक्षित स्थान पर रह रहा था. सोमवार की सुबह कैलाश अपने पुत्र संतोष के साथ बाढ़ प्रभावित घर से कुछ जरूरी सामान निकालने गए थे. इसी दौरान घर में जमा पानी अथवा बिजली के उपकरण में उतरे करंट की चपेट में दोनों आ गए.
ग्रामीणों के अनुसार, पहले संतोष करंट की चपेट में आया. उसे बचाने की कोशिश में कैलाश भी बिजली के तेज झटके की चपेट में आ गए. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी.
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बीहट-रिफाइनरी रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हो गया. ग्रामीण मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे.
पुलिस और बीडीओ पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही बरौनी रिफाइनरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं, बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे. प्रशासन की ओर से लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए