बिहार सरकार के प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक के विरोध में एपीएसएम कॉलेज के शिक्षकों व कर्मियों ने लगाया काला बिल्ला

बरौनी एपीएसएम कॉलेज में काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करते शिक्षक शिक्षणेतर कर्मी | Prabhat Khabar Network
बिहार सरकार के प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक के खिलाफ बेगूसराय के एपीएसएम कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने विरोध जताया. उन्होंने काला बिल्ला बांधकर अपना असंतोष व्यक्त किया और विधेयक को कॉलेजों की स्वायत्तता पर आघात बताया.
Begusarai News: बेगूसराय के बरौनी स्थित एपीएसएम कॉलेज में गुरुवार को बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक के विरोध में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. कॉलेज के सभी शैक्षणिक व प्रशासनिक कर्मियों ने अपने नियमित कार्यों का निष्पादन करते हुए हाथ पर काला बिल्ला बांधकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराया.
कॉलेजों की स्वायत्तता पर आघात है नया विधेयक
विरोध जता रहे शिक्षकों एवं कर्मियों ने कहा कि प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक राज्य के डिग्री कॉलेजों की स्वायत्तता, विश्वविद्यालयों की प्रशासनिक व्यवस्था और उच्च शिक्षा की लोकतांत्रिक परंपरा पर गंभीर आघात है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक के जरिए महाविद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक स्वतंत्रता को समाप्त कर उन पर पूर्णतः सरकारी नियंत्रण थोपने का प्रयास किया जा रहा है, जो शिक्षा हित में नहीं है.
मांगें न मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि जब तक सरकार इस विधेयक को वापस नहीं लेती, उनका चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (LNMPTA) के आह्वान पर अगले सप्ताह से सामूहिक आकस्मिक अवकाश सहित उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने पटना विश्वविद्यालय में हो रहे विरोध प्रदर्शन का भी पूर्ण समर्थन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










