बखरी डाकबंगला परिसर के अतिथि गृह का जीर्णोद्धार पूरा, मंत्री संजय कुमार ने किया लोकार्पण

डाक बंगला के जीर्णोद्धार का उदघाटन करते हुए मंत्री संजय कुमार एवं अन्य अतिथि
Begusarai News : बेगूसराय के बखरी डाकबंगला स्थित अतिथि गृह का मंत्री संजय कुमार ने उद्घाटन किया। 52.31 लाख की लागत से भवन का जीर्णोद्धार कर इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
Begusarai News : बेगूसराय जिले के बखरी डाकबंगला परिसर स्थित पुराने अतिथि गृह के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन रविवार को समारोहपूर्वक किया गया. षष्ठम राज्य वित्त आयोग की योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 52 लाख 31 हजार 700 रुपये की लागत से भवन का जीर्णोद्धार कराया गया है. जीर्णोद्धार किए गए भवन का लोकार्पण बखरी विधायक सह बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर किया.
आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि पुराने सरकारी भवनों का जीर्णोद्धार केवल भवनों का नवीनीकरण नहीं, बल्कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने विश्वास जताया कि अतिथि गृह के आधुनिक स्वरूप में आने से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी सहूलियत होगी.
बखरी के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री संजय कुमार ने कहा कि बखरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. सड़क, भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं. आने वाले दिनों में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज की जाएगी.
जनप्रतिनिधियों का किया गया सम्मान
बताया गया कि इस योजना की अनुशंसा जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 के सदस्य अमित कुमार देव ने की थी. कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान की विशेष उपस्थिति रही. इस अवसर पर मंत्री संजय कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, लोजपा जिला अध्यक्ष प्रेम पासवान, जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव, घनश्याम राय, पंकज पासवान, सुनील कुमार, कुमारी संगीता राय, अनिल कुमार, मुखिया राष्ट्रपति कुमार बिट्टू सहित अन्य अतिथियों का माला और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया.
स्थानीय लोगों ने विकास कार्य की सराहना की
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया. उपस्थित लोगों ने अतिथि गृह के जीर्णोद्धार कार्य की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता अमरनाथ पाठक ने किया.
Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










