कमला भुवनेश्वर बीएड कॉलेज और एमआरजेडी कॉलेज में चला नशा मुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

जागरूकता रैली में शामिल कर्मी
Begusarai News : बेगूसराय के कॉलेजों में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। छात्रों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
Begusarai News : बेगूसराय के भगवानपुर स्थित कमला भुवनेश्वर बीएड कॉलेज, चंदौर में रविवार को 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें बीएड और डीएलएड के शिक्षक-प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी सामूहिक रूप से देखा गया.
नशा मुक्ति संकल्प और जागरूकता रैली का आयोजन
कार्यक्रम के तहत शिक्षक-प्रशिक्षुओं ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया. इसके बाद महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव चंदौर में जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया.
प्राचार्य ने नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव रॉय ने कहा कि नशा आज समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है. यह केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का दायित्व केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है. उन्होंने नशे से होने वाली शारीरिक और मानसिक बीमारियों की जानकारी देते हुए कहा कि तनाव, गलत संगति और भ्रामक जानकारी नशे की लत के प्रमुख कारण हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव दूर करने के लिए खेल, योग और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी तथा सभी को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया. कार्यक्रम में शिक्षक रणधीर कुमार, प्रभात कुमार रंजन, नीतीश कुमार, डॉ. सुनील चंद्र यादव, डॉ. प्रियंका यादव, वंदना कुमारी, डॉ. शशि रंजन और आनंद कुमार उपस्थित रहे.
एमआरजेडी कॉलेज में भी चला नशामुक्ति अभियान
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में एमआरजेडी महाविद्यालय, बेगूसराय में भी 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी लाइव संबोधन को देखा और सुना.
छात्र-छात्राओं को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम में बेगूसराय के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अनुभव मुख्य रूप से उपस्थित रहे. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित, प्रो. कन्हैया कुमार तथा एनसीसी एएनओ रोशनी कुमारी ने छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. प्राचार्य ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना बेहद आवश्यक है. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया.
Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










