बेगूसराय में सड़क पार कर रहे मजदूर को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, मौके पर मौत; NH-31 को लोगों ने किया जान
घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़
बेगूसराय में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-31 को जाम कर दिया.
Begusarai Road Accident : बेगूसराय के रिफाइनरी थाना क्षेत्र के देवना चौक के पास शनिवार की देर रात एनएच-31 फोरलेन पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 50 वर्षीय मजदूर उपेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी. फैक्टरी में काम खत्म करने के बाद चाय पीकर सड़क पार कर रहे उपेंद्र सिंह को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
मृतक की पहचान जैमरा वार्ड संख्या 10 निवासी उपेंद्र सिंह के रूप में हुई है. वह फैक्टरी में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. हादसे की सूचना मिलते ही जैमरा और देवना गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-31 को जाम कर दिया.
चाय पीने के बाद सड़क पार करते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद अब्दुल अहद के अनुसार, उपेंद्र सिंह शनिवार रात फैक्टरी में काम खत्म करने के बाद देवना चौक स्थित अजय की चाय दुकान पर पहुंचे थे. चाय पीने के बाद वह सड़क पार कर मेहरू पान दुकान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उपेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे की आवाज सुनकर आसपास की दुकानों पर मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. वहीं, ग्रामीणों ने बाइक सवार को तत्काल उठाकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पत्नी की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे
ग्रामीणों के अनुसार, उपेंद्र सिंह बेहद गरीब परिवार से आते थे और मजदूरी कर ही अपने घर का खर्च चलाते थे. करीब चार वर्ष पहले गंभीर बीमारी के कारण उनकी पत्नी की भी मौत हो गयी थी. इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उपेंद्र सिंह के कंधों पर थी.
उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद जैमरा और देवना गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये.
मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-31 किया जाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और लापरवाह वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-31 फोरलेन पर आवागमन रोक दिया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर ट्रकों और भारी मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
जाम की सूचना मिलने पर रिफाइनरी थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया. उचित मुआवजा दिलाने और मामले में कानूनी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद करीब एक घंटे की मशक्कत से ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया. इसके बाद एनएच पर यातायात सामान्य हो सका.
शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने उपेंद्र सिंह के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, दुर्घटना में घायल बाइक सवार का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस हादसे के कारणों और बाइक चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए