राजकोट से लौटते समय रहस्यमय ढंग से लापता हुआ मजदूर, किऊल के पास ट्रेन पहुंची तो नहीं दिखा पुरन

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 21 May 2026 11:04 AM

विज्ञापन

Banka News : गुजरात से बीमार हालत में घर लौट रहे एक मजदूर के अचानक ट्रेन से गायब हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया है. परिजन हर स्टेशन और हर संभावित जगह पर तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला.

विज्ञापन

बाराहाट(बांका) से अजय कुमार झा की रिपोर्ट : बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. गोडधावर पंचायत के ककरिया गांव निवासी 40 वर्षीय पुरन यादव गुजरात के राजकोट से घर लौटने के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हो गए. घटना के बाद से परिवार गहरी चिंता और भय में है. परिजनों ने थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर प्रशासन से जल्द खोजबीन की मांग की है.

राजकोट से इलाज के लिए लाए जा रहे थे घर

जानकारी के अनुसार, पुरन यादव लंबे समय से गुजरात के राजकोट में रहकर मजदूरी करते थे. पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी. इसके बाद गांव से परिजन उन्हें वापस घर लाने के लिए राजकोट पहुंचे थे.

किऊल स्टेशन के पास हुआ लापता

परिजन उन्हें ट्रेन से लेकर बिहार लौट रहे थे. इसी दौरान किऊल स्टेशन के आसपास उनके साथ मौजूद व्यक्ति को नींद लग गई. जब उसकी आंख खुली तो पुरन यादव ट्रेन में नहीं थे. इसके बाद ट्रेन और आसपास के स्टेशनों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका.

मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी

परिजनों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पुरन यादव की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं थी. आशंका जताई जा रही है कि वह किसी स्टेशन पर उतरकर भटक गए होंगे. परिवार लगातार रिश्तेदारों और संभावित जगहों पर संपर्क कर जानकारी जुटाने में लगा है.

बहन ने थाना में दर्ज करायी गुमशुदगी

इस मामले में उनकी बहन मीना देवी ने थाना में लिखित आवेदन देकर भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. उन्होंने प्रशासन से जल्द खोजबीन कर पुरन यादव को सुरक्षित घर पहुंचाने की गुहार लगाई है.

परिवार में अनहोनी का डर

अचानक लापता होने की घटना के बाद परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं. गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है.

कहते हैं थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच करते हुए संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन