65 साल पुराने जर्जर पुल की जगह बनेगा नया फोरलेन सेतु, बिहार-झारखंड का बनेगा लाइफ लाइन

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 21 May 2026 10:30 AM

विज्ञापन

Banka News : सालों से जर्जर पुल के सहारे सफर कर रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है. बिहार-झारखंड को जोड़ने वाली सुखनियां नदी पर नया फोरलेन पुल बनने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है.

विज्ञापन

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट : बौसी क्षेत्र में बिहार और झारखंड को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर स्थित सुखनियां नदी के पुराने पुल की जगह अब आधुनिक फोरलेन पुल बनाया जाएगा. करीब 65 वर्ष पुराने जर्जर पुल के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी और खतरे का सामना करना पड़ रहा था. अब नए पुल के निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे इलाके में खुशी का माहौल है.

युद्धस्तर पर शुरू हुआ निर्माण कार्य

जानकारी के अनुसार पुल निर्माण का जिम्मा रांची की प्रसिद्ध राजवीर कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है. कंपनी के इंजीनियरों की देखरेख में पिछले पांच दिनों से पिलर निर्माण के लिए पायलिंग का काम शुरू कर दिया गया है. निर्माण स्थल पर भारी मशीनों और मजदूरों की आवाजाही से काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.

65 साल पुराना पुल बन चुका था खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुखनियां नदी पर बना मौजूदा पुल काफी जर्जर हो चुका था. हालत इतनी खराब थी कि सुरक्षा के लिए पुल के नीचे बालू से भरी बोरियां लगाकर अस्थायी सहारा दिया गया था. लोग डर के साये में इस पुल से गुजरने को मजबूर थे.

हर दिन गुजरते हैं हजारों वाहन

यह सड़क बिहार और झारखंड के बीच आवागमन की लाइफलाइन मानी जाती है. प्रतिदिन करीब 25 से 30 हजार छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं. हालांकि विक्रमशिला सेतु में आई खराबी के बाद इस सड़क पर ट्रैफिक दबाव कुछ कम हुआ है, लेकिन क्षेत्र की आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण बना हुआ है.

₹28 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक पुल

विभागीय अधिकारियों के अनुसार करीब 28.13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस फोरलेन पुल की लंबाई 370 मीटर और चौड़ाई 20 मीटर होगी. आधुनिक तकनीक से बनने वाला यह पुल बड़े वाहनों की आवाजाही को आसान और सुरक्षित बनाएगा.

दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य

निर्माण एजेंसी को परियोजना दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है. समय पर काम पूरा होने के बाद बिहार और झारखंड के बीच सफर पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा. व्यापार, परिवहन और स्थानीय विकास को भी इससे नई गति मिलने की उम्मीद है.

स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल

क्षेत्र के लोगों ने पुल निर्माण शुरू होने पर खुशी जताई है. उनका कहना है कि वर्षों से नए पुल की मांग की जा रही थी. अब निर्माण शुरू होने से लोगों को राहत मिली है और इलाके के विकास की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन