जमुई में भीषण गर्मी में सदर अस्पताल में पानी के लिए हाहाकार, रातभर परेशान रहे मरीज और परिजन
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 21 May 2026 11:19 AM
Jamui Hospital Crisis
Jamui Hospital Crisis: जमुई सदर अस्पताल में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें बढ़ा दीं. इमरजेंसी वार्ड से लेकर प्रसव कक्ष तक पूरी रात पानी नहीं रहने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए भटकते रहे और बाहर से बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हो गये.
Jamui Hospital Crisis: जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट. भीषण गर्मी के बीच जमुई सदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सामने आयी है. गुरुवार को अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष, प्रसव वार्ड और कई अन्य हिस्सों में रातभर पानी की आपूर्ति ठप रहने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हालात इतने खराब हो गये कि प्रसूता महिलाओं को शौचालय इस्तेमाल करने में भी दिक्कतें हुईं. अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आये.
रातभर पानी के लिए भटकते रहे लोग
जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों से अस्पताल के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित थी. भीषण गर्मी और उमस के बीच पानी नहीं रहने से मरीजों की परेशानी कई गुना बढ़ गयी.
इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजन पूरी रात पानी की तलाश में अस्पताल परिसर में भटकते रहे. वहीं प्रसव कक्ष में भर्ती महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत झेलनी पड़ी. परिजनों ने बताया कि पीने के पानी के अलावा शौचालय, सफाई और मरीजों की देखभाल तक प्रभावित हो गयी थी.
मजबूरी में कई लोगों को बाहर से बोतलबंद पानी खरीदकर लाना पड़ा. लोगों का कहना था कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आये गरीब मरीजों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं.
सुबह फूटा लोगों का गुस्सा
गुरुवार सुबह तक जब समस्या जस की तस बनी रही तो मरीजों के परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा. लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए तत्काल पानी की व्यवस्था करने की मांग की.
हंगामे के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और पानी की आपूर्ति बहाल करायी गयी. इसके बाद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली.
अस्पताल प्रबंधन ने बतायी तकनीकी खराबी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल में पहले भी पेयजल और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है. भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा का ठप होना अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है.
इस मामले में अस्पताल प्रबंधक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी. उन्होंने कहा कि समस्या को दुरुस्त किया जा रहा है और जल्द स्थायी समाधान किया जाएगा.
Also Read: ‘मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










