शुभेंदु अधिकारी का सीएम बनने के बाद पहला दिल्ली दौरा, पीएम मोदी से हो सकती है मुलाकात

Author Ashish Jha
Updated:
विज्ञापन

शुभेंदु अधिकारी

Suvendu Adhikari: शुक्रवार को शुभेंदु अधिकारी और शमिक भट्टाचार्य भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ संयुक्त बैठक कर सकते हैं. इसी बैठक में बंगाल मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए चेहरों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.

विज्ञापन

Suvendu Adhikari: कोलकाता. मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी पहली बार आज दिल्ली के लिए रवाना होंगे. वहां उनकी केंद्रीय वित्त मंत्री से मुलाकात होने की संभावना है. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी मुलाकात तय है. विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद नौ मई को उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. शपथ ग्रहण के करीब दो सप्ताह बाद होने वाला उनका यह पहला राष्ट्रीय राजधानी दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

विज्ञापन

शुक्रवार को हो सकती है पीएम मोदी के साथ बैठक

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गुरुवार शाम दिल्ली पहुंचेंगे. इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इटली दौरे से देश लौट रहे हैं. ऐसे में संभावना जतायी जा रही है कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठक हो सकती है.

दो सप्ताह में कई बड़े फैसले

राज्य सचिवालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नयी भाजपा सरकार तेजी से चुनावी वादों को लागू करने में जुटी हुई है. महज दो सप्ताह के भीतर राज्य सरकार ने कई बड़े फैसले लिये हैं. इनमें महिलाओं के लिए प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता वाली ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना और केंद्र की स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ को लागू करने जैसे महत्वपूर्ण कदम भी शामिल हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री केंद्र नेतृत्व को अपनी सरकार के शुरुआती कामकाज, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और आने वाले दिनों की रणनीति से अवगत करा सकते हैं.

मंत्रिमंडल विस्तार पर भी हो सकती है चर्चा

इस हाई प्रोफाइल दौरे का सबसे अहम पहलू बंगाल मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को माना जा रहा है. नौ मई को शपथ ग्रहण समारोह में शुभेंदु अधिकारी के साथ केवल पांच मंत्रियों ने ही शपथ ली थी. पूर्ण रूप से सरकार चलाने के लिए जल्द मंत्रिमंडल विस्तार जरूरी माना जा रहा है. इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी बुधवार रात दिल्ली पहुंच चुके हैं. सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को शुभेंदु अधिकारी और शमिक भट्टाचार्य भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ संयुक्त बैठक कर सकते हैं. इसी बैठक में बंगाल मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए चेहरों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्र और राज्य के रिश्तों पर रहेगी नजर

राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ शुभेंदु अधिकारी की यह पहली औपचारिक बैठक होगी. विपक्ष के नेता रहते हुए शुभेंदु अधिकारी जब भी दिल्ली गये, तब उनकी गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात होती रही. लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद यह दौरा अलग महत्व रखता है.

कई परियोजना पर होगी चर्चा

माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य से जुड़े लंबित विकास परियोजनाओं, केंद्रीय फंड, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है. इसके अलावा बंगाल में नई भाजपा सरकार की आगे की राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक ढांचे को लेकर भी शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण विचार-विमर्श होने की संभावना है.

Also Read: कोलकाता का जफर रियाज एनआइए के शिकंजे में, भारत की गोपनीय सूचनाएं लीक करने के आरोप

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola