पुलिस ने चार दिनों से लापता बच्चे को बॉर्डर इलाके से सकुशल किया बरामद

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 21 May 2026 9:22 AM

विज्ञापन

Banka News : चार दिनों से लापता बच्चे को लेकर परेशान परिवार की उम्मीद तब लौटी, जब प्राथमिकी दर्ज होने के महज पांच घंटे के भीतर पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र से चार दिन पूर्व लापता हुए बच्चे को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया. आनंदपुर और सिमुलतला थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर स्थित कुशमाहा गांव के समीप से बच्चे की बरामदगी हुई. इस कार्रवाई को एसडीपीओ डॉ रवींद्र मोहन प्रसाद की निगरानी में गठित टीम ने तकनीकी शाखा बांका के सहयोग से अंजाम दिया.

चार दिन पहले घर से निकला था बच्चा

जानकारी के अनुसार, सुईया थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 मई 2026 को बच्चा घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद बुधवार को मामले की सूचना पुलिस को दी गई.

पुलिस ने तुरंत दर्ज किया केस

सूचना मिलते ही सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और फर्द बयान दर्ज किया. मामले में सुईया थाना कांड संख्या 53/26 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई. केस दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आ गई.

तकनीकी जांच से मिली बड़ी सफलता

एसडीपीओ डॉ रवींद्र मोहन प्रसाद की मॉनिटरिंग में कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी शाखा बांका के सहयोग से पुलिस ने बच्चे की लोकेशन ट्रेस की और जमुई-बांका बॉर्डर पर स्थित कुशमाहा गांव के पास से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया.

बच्चा मिलते ही परिवार ने ली राहत की सांस

पुलिस की त्वरित कार्रवाई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्राथमिकी दर्ज होने के महज पांच घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया. बच्चे के मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया.

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, पुअनि आकाश आर्यन, अनुसंधानकर्ता खुशबू कुमारी तथा सअनि दिनेश राम की भूमिका सराहनीय रही. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में त्वरित सूचना और तकनीकी जांच बेहद महत्वपूर्ण साबित होती है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन