अमरपुर में बिजली संकट पर लोगों ने किया प्रदर्शन, कार्यालय का घेराव कर की शहरी फीडर से जोड़ने की मांग

बिजली कार्यालय परिसर में प्रदर्शन करते विदनचक मुहल्ले के लोग. | Prabhat Khabar Network
Banka Power Crisis : बांका जिले के विदनचक मुहल्ले में बिजली की बदहाल व्यवस्था से नाराज लोगों ने मंगलवार को विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया. लो वोल्टेज, बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर जलने से परेशान लोगों ने जल्द समाधान की मांग की है.
Banka Power Crisis : बांका जिले के अमरपुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 11 स्थित विदनचक मुहल्ले में लंबे समय से बिजली की बदहाल व्यवस्था से परेशान लोगों ने मंगलवार को विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. आक्रोशित वार्डवासियों ने बिजली कार्यालय पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की.
लो वोल्टेज और बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
प्रदर्शन कर रहे शिवेंद्र राणा, निरंजन राणा, रूबेश कुमार, सुबोध मांझी, संतोष साह, आशीष कुमार, पारस कुमार और पवन राणा समेत अन्य लोगों ने बताया कि वे नगर क्षेत्र के उपभोक्ता हैं और शहरी दर से बिजली बिल का भुगतान करते हैं. इसके बावजूद उन्हें ग्रामीण क्षेत्र के कोलबुजुर्ग फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती है. फीडर का दायरा बड़ा होने के कारण नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली नहीं मिल पा रही है.
एक ट्रांसफॉर्मर के भरोसे पूरा मुहल्ला
ग्रामीणों ने बताया कि पूरे विदनचक मुहल्ले में केवल एक ट्रांसफॉर्मर लगा है, जिससे आए दिन लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है. कई बार अचानक हाई वोल्टेज आने से घरों में लगे पंखे, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण भी जल चुके हैं. सोमवार रात ट्रांसफॉर्मर जल जाने के बाद पूरा मुहल्ला अंधेरे में डूब गया.
बिजली पोल की भी है कमी
वार्डवासियों ने बताया कि अमरपुर बाजार से विदनचक की दूरी करीब 1.5 किलोमीटर है, लेकिन लगभग एक किलोमीटर तक ही बिजली के पोल लगाए गए हैं. कई पोल नाले के बीच स्थित हैं, जिससे बिजली व्यवस्था और रखरखाव दोनों प्रभावित होते हैं. लोगों ने शेष क्षेत्र में नए बिजली पोल लगाने की भी मांग की.
विभाग को सौंपा आवेदन, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अरविंद कुमार को लिखित आवेदन सौंपकर विदनचक मुहल्ले में दो नए ट्रांसफॉर्मर लगाने, शेष क्षेत्र में बिजली के पोल लगाने तथा मुहल्ले को शहरी फीडर से जोड़ने की मांग की.
सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है. विभागीय कर्मियों को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकता के आधार पर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रीतम कुमार
प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










