बांका लेहता गांव के समीप स्कूल वैन व ऑटो की हुई टक्कर, महिला समेत चार घायल, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त

घायलों से हादसे की जानकारी लेते पुलिस पदाधिकारी.
बांका के लेहता गांव के पास स्कूल वैन और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
Banka Road Accident : बांका सदर थाना क्षेत्र के महाराजगंज लेहता गांव के समीप मंगलवार सुबह स्कूल वैन और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में ऑटो पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
रिश्तेदार के घर जा रहे थे ऑटो सवार
जानकारी के अनुसार समुखिया कुभंरा गांव निवासी प्रफुल्ल कुमार सिंह, रामलाल मरांडी, महेंद्र सोरेन और मंझली देवी ऑटो से केड़िया गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे. इसी दौरान समुखिया मोड़ पुलिस लाइन स्थित एक निजी विद्यालय राधाकृष्ण स्कूल की वैन बच्चों को लेने के लिए समुखिया गांव जा रही थी.
तेज टक्कर के बाद पेड़ से जा भिड़ा ऑटो
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल वैन की रफ्तार तेज थी. महाराजगंज लेहता गांव के पास सामने से आ रहे ऑटो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया. हादसे में ऑटो और स्कूल वैन दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ऑटो में सवार सभी चार लोग घायल हो गए.
ऑटो चालक वाहन में फंस गया, लोगों ने बचायी जान
हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन के अंदर फंस गया. मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक और अन्य घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को निजी वाहनों से इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में डॉ. सूरज कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर शुरू की जांच
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल वैन चालक संतोष कुमार, निवासी डोमाखाड़ गांव, को रोक लिया और उसे भी घायलों के साथ अस्पताल भेज दिया. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वैन तथा ऑटो को जब्त कर लिया. वैन चालक से पूछताछ की जा रही है.
सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि स्कूल वैन और ऑटो के बीच टक्कर हुई है. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें : बौसी-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 57 वर्षीय व्यक्ति गंभीर घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










