कटोरिया में सर्पदंश से महिला अचेत, बाल्टी में सांप लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 28 May 2026 3:43 PM

विज्ञापन

Banka News : बांका जिले के कटोरिया प्रखंड में सर्पदंश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां महिला को सांप काटने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, साथ ही सांप को भी बाल्टी में बंद कर अपने साथ ले आए.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : कटोरिया प्रखंड के भोरसार-भेलवा पंचायत अंतर्गत कागीसार गांव में सर्पदंश से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की तत्परता से इलाज शुरू होने के बाद महिला की स्थिति में सुधार हुआ है.

घर के पास झाड़ी में छिपे सांप ने डसा

जानकारी के अनुसार कागीसार गांव निवासी मंटु यादव की 28 वर्षीय पत्नी संगीता देवी घर के निकट स्थित झाड़ी के पास गई थीं.इसी दौरान अचानक एक सांप ने उनके पैर की अंगुली में काट लिया. सर्पदंश के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई.

आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन

घटना के बाद परिजनों ने तुरंत महिला को कटोरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सक डा शैलजानंद शुक्ला के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने महिला का प्राथमिक उपचार शुरू किया.समय पर इलाज मिलने से महिला के स्वास्थ्य में सुधार होने लगा.

बाल्टी में सांप लेकर पहुंचे परिजन

इस घटना की सबसे खास बात यह रही कि महिला के परिजन सांप को भी पकड़कर बाल्टी में बंद कर अस्पताल ले आए.अस्पताल में मौजूद लोग बाल्टी में बंद सांप को देखकर हैरान रह गए. हालांकि मेडिकल टीम ने महिला का तुरंत इलाज शुरू कर स्थिति को नियंत्रित किया.

समय पर इलाज से टला बड़ा खतरा

परिजनों ने बताया कि यदि समय पर महिला को अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी.डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय इलाज कराएं.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन