झारखंड के 94 केंद्रों पर 45000 अभ्यर्थी देंगे बीएड प्रवेश परीक्षा, 31 मई को होगा एग्जाम

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 28 May 2026 4:09 PM

विज्ञापन

परीक्षा केंद्र पर जमा परीक्षार्थी. एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो.

Ranchi News: झारखंड में 31 मई को होने वाली बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. राज्यभर में 94 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. जेसीइसीइबी ने एडमिट कार्ड जारी कर दिया है, जिसे अभ्यर्थी वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट

Ranchi News: झारखंड में संचालित सरकारी और गैर-सरकारी बीएड कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-2028 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इसी कड़ी में 31 मई को बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जायेगी. परीक्षा में राज्यभर से करीब 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) की ओर से तैयारी पूरी कर ली गयी है.

राज्य के आठ जिलों में बनाये गये 94 परीक्षा केंद्र

संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए राज्य के आठ प्रमुख जिला मुख्यालयों में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इनमें रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा शामिल हैं. सबसे अधिक 30 परीक्षा केंद्र राजधानी रांची में बनाये गये हैं. इसके अलावा अन्य जिलों में भी अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गये हैं. परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जायेगी. अभ्यर्थियों को सुबह नौ बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जायेगा. वहीं, परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जायेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गयी है.

जेसीईसीईबी की वेबसाइट से डाउनलोड हो रहा एडमिट कार्ड

बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर जेसीईसीईबी ने बुधवार को एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. अभ्यर्थी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कैंडिडेट लॉगिन के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र, समय और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश दिये गये हैं. पर्षद ने स्पष्ट किया है कि बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा. अभ्यर्थियों को अपने साथ एक वैध पहचान पत्र भी लेकर जाना अनिवार्य होगा.

ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा

संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जायेगी. परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जायेगी और सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे. परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें प्रत्येक प्रश्न एक अंक का रहेगा. परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान रखा गया है. प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जायेंगे. ऐसे में अभ्यर्थियों को सोच-समझकर उत्तर देने की सलाह दी गयी है. पर्षद के अनुसार मेधा सूची का निर्माण संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जायेगा.

136 बीएड कॉलेजों में होगा नामांकन

झारखंड में वर्तमान में सरकारी और गैरसरकारी स्तर पर कुल 136 बीएड कॉलेज संचालित हैं. इन कॉलेजों में बीएड पाठ्यक्रम के विभिन्न विषयों के लिए लगभग 13,600 सीटें स्वीकृत हैं. शैक्षणिक सत्र 2026-2028 के लिए इन्हीं सीटों पर संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से नामांकन लिया जायेगा. बीएड के अलावा एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों के लिए भी इसी संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयन किया जायेगा. शिक्षा क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए यह परीक्षा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह

राज्यभर के अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है. कई छात्र पिछले कई महीनों से इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं. परीक्षा को लेकर कोचिंग संस्थानों और पुस्तक दुकानों में भी काफी हलचल देखने को मिल रही है. वहीं, पर्षद ने परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजन को लेकर विशेष व्यवस्था की है. सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में वीक्षक और सुरक्षा बल तैनात किये जायेंगे. इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी.

इसे भी पढ़ें: गम्हरिया के बालिका गृह से दो लड़कियां गायब, पुलिस को अब तक नहीं मिला कोई सुराग

समय पर पहुंचें अभ्यर्थी

जेसीईसीईबी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन समय से पहले केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें. देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा. साथ ही अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दिये गये निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गयी है.

इसे भी पढ़ें: महिला फुटबॉलर दिव्यानी लिंडा के भाई का रिम्स में होगा इलाज, परिवार मिल संजय सेठ ने दिया भरोसा

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola