झमाझम बारिश से कटोरिया में सड़कें बनीं तालाब, राहगीर परेशान

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 29 May 2026 4:26 PM

विज्ञापन

Banka Rain News : कटोरिया में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी. मुख्य सड़क से लेकर गली-मुहल्लों तक पानी भर गया, जिससे लोगों का चलना मुश्किल हो गया. कई जगह सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के कटोरिया और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को तेज हवा और रुक-रुक कर हुई भारी बारिश के बाद जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई. नगर पंचायत क्षेत्र की मुख्य सड़कें, पीसीसी गलियां और कई मुहल्ले पानी में डूब गए. जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से आम लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक भरा पानी

लगातार हुई बारिश के बाद कटोरिया बाजार की कई मुख्य सड़कें जलमग्न हो गईं. गली-मुहल्लों में भी पानी जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.बारिश के कारण सड़क किनारे कीचड़ और गंदगी भी फैल गई है, जिससे लोगों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.

थाना और अस्पताल के बीच गंभीर जलजमाव

कटोरिया थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीच आदर्श मध्य विद्यालय जाने वाली पीसीसी सड़क के मुहाने पर जलजमाव की समस्या काफी गंभीर हो गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार हल्की बारिश में भी यहां पानी जमा हो जाता है.इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और मरीज गुजरते हैं. पानी जमा होने से लोगों को काफी कठिनाई हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

बांका रोड पर नाला नहीं, सड़क पर भर रहा पानी

कटोरिया बाजार के बांका रोड में कंचन गली से प्रखंड मुख्यालय तक पक्की नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है. टीवीएस शोरूम के सामने आधी सड़क तक पानी भर जाने से वाहनों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.मुहल्ले के लोगों ने बताया कि लंबे समय से पक्की नाला निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है.

महादलित टोला में बढ़ी मुश्किलें

कटोरिया थाना के पीछे स्थित महादलित टोला में भी बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. पीसीसी सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है.स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मुहल्ले के अधिकांश मजदूर नगर पंचायत के स्वच्छता अभियान में कार्य करते हैं, लेकिन उनके अपने इलाके में ही जलनिकासी और सफाई की गंभीर समस्या बनी हुई है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन