पिठोरिया में धूमधाम से की गई मंडा पूजा, दहकते अंगारों पर नंगे पैर चले शिवभक्त

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 29 May 2026 7:57 PM

विज्ञापन

पिठोरिया की मंडा पूजा के दौरान अंगारों पर नंगे पांव चलते शिव भक्त. फोटो: प्रभात खबर

Ranchi News: रांची के पिठोरिया में मंडा पूजा श्रद्धा और परंपरा के साथ संपन्न हुई. शिवभक्तों ने दहकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर आस्था दिखाई. झूलन, छऊ नृत्य और नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को भव्य बना दिया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

पिठोरिया से सुजीत कुमार केशरी की रिपोर्ट

Ranchi News: झारखंड के रांची जिले के पिठोरिया स्थित महादेव मंडा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित शिव मंडा पूजा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई. इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. पूजा में 251 भोक्ताओं और 301 सोक्ताओं ने कठिन व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की. पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

फुल कुंडी में दहकते अंगारों पर चले भोक्ता

मंडा पूजा के दौरान बुधवार को लोटन अनुष्ठान के बाद फुल कुंडी कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान भोक्ताओं ने दहकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर अपनी अटूट श्रद्धा और शिवभक्ति का परिचय दिया. आग की तपिश और कठिन तपस्या के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था. इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे थे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. मंडा पूजा के धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया.

छऊ नृत्य ने बांधा समां

रात्रि में बंगाल के पुरुलिया के झालदा से आए कलाकारों ने आकर्षक छऊ नृत्य प्रस्तुत किया. पारंपरिक वेशभूषा और लोक वाद्ययंत्रों की धुन पर कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में देर रात तक श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. छऊ नृत्य के साथ-साथ पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मंडा पूजा को और भी भव्य बना दिया.

झूलन कार्यक्रम बना मुख्य आकर्षण

शुक्रवार को आयोजित झूलन कार्यक्रम मंडा पूजा का प्रमुख आकर्षण रहा. पारंपरिक महिला वेशभूषा में सजे भोक्ताओं ने ऊंचे लठ के सहारे झूलते हुए श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए. मान्यता है कि इन फूलों को आंचल में लेने से सुख, समृद्धि और खुशहाली प्राप्त होती है. इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं में फूल लेने की होड़ लगी रही. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया.

नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे लोग

मंडा पूजा के अवसर पर आयोजित नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी. पारंपरिक गीत-संगीत और लोकनृत्य ने लोगों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया. ग्रामीण संस्कृति और लोक कला से जुड़े कार्यक्रमों ने आयोजन को सांस्कृतिक रूप से भी समृद्ध बना दिया. आयोजन स्थल पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला.

नागवंशी राजाओं की परंपरा से जुड़ी है मंडा पूजा

इतिहासकारों और पिठौरिया पंचायत समिति सदस्य श्रवण गोप ने बताया कि मंडा पूजा की परंपरा नागवंशी राजाओं के शासनकाल से जुड़ी हुई है. नागवंशी शासक भगवान शिव के परम भक्त माने जाते थे और उन्होंने ग्रामीण समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने का कार्य किया. उन्होंने बताया कि मंडा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और लोक-संस्कृति का प्रतीक है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह पूजा माता सती के आत्मबलिदान की स्मृति में की जाती है. इसमें भक्त कठिन अनुष्ठानों और अग्नि परीक्षा जैसी परंपराओं के माध्यम से अपनी श्रद्धा और आत्मसंयम का प्रदर्शन करते हैं.

आदिवासी और सदानी संस्कृति का प्रतीक

झारखंड की लोक संस्कृति में मंडा पूजा आदिवासी और सदानी परंपराओं के समन्वय का भी प्रतीक मानी जाती है. इसमें लोकनृत्य, पारंपरिक वाद्ययंत्र, सामूहिक उपवास और शिव आराधना के माध्यम से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया जाता है.

आयोजन को सफल बनाने में समिति की अहम भूमिका

पूरे आयोजन को सफल बनाने में महादेव मंडा पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू ने कहा कि मंडा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी देवेंद्र प्रकाश समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. आयोजन में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश नायक, सचिव राम प्रसाद गोप, महामंत्री अरविंद कुमार साहू सहित कई सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया.

इसे भी पढ़ें: इस बार नहीं तपा नौतपा, झमाझम बारिश से बोकारो में निकल गई हवा! किसानों के लिए बुरा संकेत

पूजा में ये लोग भी रहे उपस्थित

मंडा पूजा आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका रही. आयोजन में अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश नायक, कोषाध्यक्ष विकी अहीर, सचिव राम प्रसाद गोप और महामंत्री अरविंद कुमार साहू सक्रिय रूप से मौजूद रहे. इसके अलावा उपाध्यक्ष श्रवण गोप, राजेश महतो, रामधन साहू, बालचंद साहू, रविशंकर महतो, शशि साहू, नीरज साहू, सुदीप महतो, काली केसरी, दीपक कुमार महतो, जयदीप महतो, अमरेश कुमार नायक, अरुण गोप, विष्णु कुमार, दीपक गोप और संजय महतो ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक मधु साहू, शंकर साहू, बबलू महतो, रामलगन मुंडा और राजेश गोप उपस्थित रहे. वहीं संरक्षक मंडली में अनिल केसरी, गोविंद महतो, कृष्णा महतो, विश्वनाथ साहू, दीपक कुमार चौरसिया, अरुण कुमार केसरी, मुन्नी देवी, राजेश साहू, कृष्ण कुमार चौरसिया, ज्ञानी महतो, पुराण गोप, चमरा नायक, राम शंकर साहू, सत्यदेव साहू, द्वारका लोहार एवं कैलाश महतो भी शामिल रहे.

इसे भी पढ़ें: गाद से घट गया पतरातू डैम जलस्तर, मरम्मत और सफाई की बढ़ी जरूरत

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola