मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिवंशपुर तेलडीहा दुर्गा मंदिर में 26 अप्रैल 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित पूजा-अर्चना कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिवंशपुर तेलडीहा दुर्गा मंदिर में 26 अप्रैल 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित पूजा-अर्चना कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गयी है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. शुक्रवार को बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा, एसडीएम राज कुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास, बीडीओ नीतीश कुमार, पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद सहित कई वरीय अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार, आसपास के मार्ग, पार्किंग स्थल और संभावित भीड़ वाले क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो. प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम की योजना बनाई है. इसके तहत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा यातायात नियंत्रण के विशेष प्रबंध किये जायेंगे. भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया है. कार्यक्रम के दौरान दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जायेगी. साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और सभी तैयारियां समय पर पूरी की जायेंगी. बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में इस मंदिर के समीप रिवर फ्रंट निर्माण की घोषणा की थी, जो क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




