साहिबगंज सड़क हादसा: फरक्का से लौट रहे एक ही परिवार के 3 लोगों की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत
साहिबगंज के सड़क हादसे में दुर्घटना स्थल पर उमड़ी भीड़
Sahibganj Road Accident: साहिबगंज के बरहरवा थाना क्षेत्र में एनएच-80 पर एक 18 चक्का ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार मां, बेटे और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में 4 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है. पढ़ें कैसे हुआ ये हादसा.
बरहेट से विकास कुमार की रिपोर्ट
Sahibganj Road Accident, साहिबगंज : साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा-पश्चिम बंगाल फरक्का एनएच-80 पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. बरारी के समीप एक तेज रफ्तार 18 चक्का खाली ट्रेलर (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH-16A-0025) ने आगे जा रही एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर सवार मां, बेटे और बेटी सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, बाइक पर बैठी एक 4 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है.
ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रेलर ने पीछे से रौंदा
मिली जानकारी के अनुसार, बरहरवा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर साहेबडागा निवासी बदरुल शेख (पेशे से किसान) का परिवार पश्चिम बंगाल के फरक्का से अपने घर लौट रहा था. बाइक को उनका 22 वर्षीय पुत्र लालू शेख चला रहा था. इसी दौरान फरक्का की ओर से बरहरवा की तरफ आ रहे 18 चक्का खाली ट्रेलर ने बरारी के पास बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश की और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
दुर्घटना के शिकार हुए मृतक और घायल के नाम
- आईसा खातून (37 वर्ष)
- लालू शेख (22 वर्ष)
- रौली खातून (15 वर्ष)
- 4 वर्षीय बच्ची – गंभीर रूप से घायल (बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर)
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, जांच में जुटी बरहरवा पुलिस
दिल दहला देने वाले इस हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए. घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई और छानबीन में जुट गई है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक मौत से साहेबडागा मिर्जापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









