प्रशासन की चेतावनी बेअसर, कबाड़ कारोबारियों पर एफआइआर की तैयारी

Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 07 Jun 2026 5:24 PM

विज्ञापन

बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के खड़हरा चौक एवं मुख्य बाजार में संचालित कबाड़ कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा कसना तय माना जा रहा है.

विज्ञापन

बाराहाट. बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के खड़हरा चौक एवं मुख्य बाजार में संचालित कबाड़ कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा कसना तय माना जा रहा है. प्रशासन द्वारा दी गयी अंतिम मोहलत समाप्त होने के बावजूद कारोबारियों ने न तो सड़क किनारे और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से कबाड़ हटाया और न ही दस्तावेजों की जांच के लिए कार्यालय में उपस्थित हुए. ऐसे में उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गयी है. गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग स्थित खड़हरा चौक पर एसडीएम एवं अंचलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया था. अभियान के दौरान कबाड़ कारोबारियों को सड़क किनारे जमा कबाड़ हटाने, उसे सुरक्षित स्थान पर रखने तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद अधिकांश कारोबारियों ने प्रशासनिक निर्देशों का पालन नहीं किया. खड़हरा चौक और बाराहाट बाजार में आज भी कई स्थानों पर सड़क किनारे कबाड़ का ढेर देखा जा सकता है. इससे सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है. अंचलाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों और मुख्य सड़क के किनारे कबाड़ का भंडारण गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा करता है. उन्होंने कहा कि सभी कारोबारियों को पर्याप्त समय और अवसर दिया गया था, लेकिन किसी ने भी कार्यालय पहुंचकर अपना पक्ष नहीं रखा और न ही दस्तावेजों की जांच कराई. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब प्रशासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा समाप्त हो चुकी है. जो कारोबारी अब भी आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं, उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के इस सख्त रुख के बाद क्षेत्र के कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और जल्द ही कार्रवाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन