Dumka: कोयले की धूल से मिलेगी राहत, शहर से दूर न्यू मदनपुर में बनेगा आधुनिक माल ढुलाई केंद्र

Updated:
विज्ञापन
New Madanpur Station

न्यू मदनपुर स्टेशन

Dumka: दुमका में कोयला परिवहन से होने वाले प्रदूषण और धूल की समस्या को कम करने के लिए न्यू मदनपुर में आधुनिक माल ढुलाई केंद्र विकसित करने की योजना बनाई गई है. परियोजना से शहर के पर्यावरण और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है. पूरी खबर नीचे पढ़ें…

विज्ञापन

आनंद जायसवाल
Dumka: दुमका शहर को कोयले की धूल, भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है. पूर्व रेलवे ने न्यू मदनपुर हॉल्ट को पूर्ण विकसित आधुनिक ब्लॉक स्टेशन और माल ढुलाई केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है. इसके तहत दुमका स्टेशन पर होने वाली भारी कोयला लोडिंग-अनलोडिंग गतिविधियों को न्यू मदनपुर स्थानांतरित किया जाएगा. पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देऊस्कर के नेतृत्व में संचालित इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की माल परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ दुमका शहर को प्रदूषण और यातायात दबाव से राहत दिलाना है.

कोयला के अलावा पत्थर और बालू की भी होती है ढुलाई

वर्तमान में दुमका स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन तीन से चार कोयला रेकों के अलावा पत्थर, बालू और खाद्यान्न से भरी रेकों की भी लोडिंग-अनलोडिंग होती है. इससे स्टेशन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में कोयले की धूल, शोर और भारी ट्रकों की आवाजाही से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में कोयला परिवहन बढ़कर प्रतिदिन छह रेक तक पहुंच सकता है. इसी संभावना और स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए दुमका से लगभग 4.20 किलोमीटर दूर स्थित न्यू मदनपुर स्टेशन को आधुनिक माल ढुलाई केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है.

शहर से नहीं गुजरेंगे भारी वाहन

नई व्यवस्था लागू होने के बाद कोयला ढुलाई से जुड़े भारी वाहन शहर के बीच से नहीं गुजरेंगे, बल्कि सीधे न्यू मदनपुर स्टेशन तक पहुंचेंगे. इससे दुमका शहर में यातायात का दबाव कम होगा और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी. साथ ही यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर अधिक स्वच्छ और सुविधाजनक बन सकेगा. रेलवे के अनुसार यह परियोजना क्षेत्र की कैप्टिव कोयला खदानों से होने वाली कोयला निकासी की बढ़ती जरूरतों को भी पूरा करेगी. इससे उत्तर प्रदेश के विभिन्न ताप विद्युत संयंत्रों तक कोयला पहुंचाने की व्यवस्था और मजबूत होगी.

दुमका के लोगों को मिलेगी स्वच्छ हवा

सहारपुर-जमारपानी कोयला ब्लॉक तथा पचवारा साउथ कोयला ब्लॉक से होने वाली कोयला आपूर्ति के लिए भी यह स्टेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि रेलवे औद्योगिक विकास और जनहित के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. न्यू मदनपुर को पूर्ण माल ढुलाई स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने से एक ओर ऊर्जा क्षेत्र को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर दुमका के लोगों को स्वच्छ, शांत और बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा.

ये भी पढ़ें…

तनिष्क शोरूम में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, ग्राहकों को भेंट किए गए पौधे

Dumka: झाड़फूंक के चक्कर में गई जान, सांप के डंसने के 17 घंटे बाद अस्पताल पहुंची महिला, हुई मौत

विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola