JNV हंसडीहा में फुटबॉल का महासंग्राम, प्री-सुब्रोतो कप 2026 का धमाकेदार आगाज, विधायक लुईस मरांडी ने किया उद्घाटन

उद्घाटन करतीं विधायक लुईस मरांडी
दुमका के JNV हंसडीहा में 'प्री-सुब्रोतो कप राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता-2026' का विधिवत शुभारंभ हुआ. इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश भर के नवोदय विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया. विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने उद्घाटन कर खेल भावना को बढ़ावा दिया.
दुमका से अनिल चौधरी की रिपोर्ट
दुमका : दुमका में स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV), हंसडीहा में बुधवार को तीन दिवसीय 'प्री-सुब्रोतो कप राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता-2026' का भव्य शुभारंभ हुआ. इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देश भर के नवोदय विद्यालयों के 10 संभागों- अहमदाबाद, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, हैदराबाद, जयपुर, लखनऊ, पटना, पुणे और शिलांग से आए खिलाड़ी, शिक्षक, अधिकारी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं.
विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जामा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने ध्वजारोहण कर किया. इस अवसर पर नवोदय विद्यालय समिति (पटना संभाग) के सहायक आयुक्त एच. एन. पांडेय, हंसडीहा सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद, हंसडीहा पंचायत की मुखिया आशा हेंब्रम, जेएनवी कोडरमा की प्राचार्या अश्वनी अमिताभ, जेएनवी जामताड़ा की प्राचार्या प्रीति श्रीवास्तव, जेएनवी रांची के प्राचार्य प्रदीप कुमार सिंह, लखनऊ संभाग के जेएनवी बहराइच के प्राचार्य डॉ. त्रिलोचन शुक्ला तथा जेएनवी लेह के प्राचार्य सुशील कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.
रंगारंग कार्यक्रम, खेल मशाल और खिलाड़ियों की शपथ
उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. विभिन्न संभागों से आए टीम के कप्तानों ने संयुक्त रूप से मशाल जलाकर मैदान का चक्कर लगाया, जो राष्ट्रीय एकता और खेल भावना का प्रतीक बना. इसके बाद सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई गई.
ये भी पढ़ें: JPSC ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा को किया स्थगित, 25 से 27 जुलाई के बीच होना था एग्जाम
खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम: डॉ. लुईस मरांडी
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है. खेल से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
पटना संभाग के लिए गौरव का क्षण: सहायक आयुक्त
नवोदय विद्यालय समिति, पटना जोन के सहायक आयुक्त एच. एन. पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी JNV हंसडीहा को मिलना पूरे पटना जोन के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता का संचालन पूर्ण अनुशासन एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर: प्रभारी प्राचार्य
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कमल नयन पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्री-सुब्रोतो कप जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं. उन्होंने सभी टीमों से खेल भावना और अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया. उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद प्रतियोगिता के मुकाबलों का शुभारंभ हुआ. आयोजन के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही. आगामी तीन दिनों तक विभिन्न संभागों की टीमें मैदान में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी.
ये भी पढ़ें: CID जांच के बीच JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते का इस्तीफा मंजूर, अक्टूबर में पूरा हो रहा था कार्यकाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










