बांका में महंगाई की मार से बिगड़ा घर का बजट, दाल-तेल से लेकर चावल तक महंगा

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 25 May 2026 9:11 AM

विज्ञापन

Banka News : रसोई का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है. बांका में दाल, तेल, चावल और सब्जियों के दामों में उछाल ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. विक्रमशिला सेतु ध्वस्त होने और बढ़ते ट्रांसपोर्ट खर्च का सीधा असर अब बाजार और लोगों की जेब पर दिखने लगा है.

विज्ञापन

बांका से मदन कुमार की रिपोर्ट : बांका में खाद्यान्न और रोजमर्रा के सामानों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. तेल, ईंधन, मजदूरी और ढुलाई खर्च बढ़ने के कारण खुदरा और थोक बाजार दोनों प्रभावित हुए हैं. व्यापारियों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद मालवाहक वाहनों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ गया है और इसका सीधा असर बाजार भाव पर पड़ा है.

लंबी दूरी और महंगे डीजल ने बढ़ाई परेशानी

जिले के कारोबारियों के अनुसार बांका की मंडी में अधिकतर खाद्यान्न गुलाबबाग मंडी और कोलकाता की मंडियों से आता है. पहले मालवाहक वाहन भागलपुर के रास्ते सीधे बांका पहुंच जाते थे, लेकिन विक्रमशिला सेतु के ध्वस्त होने के बाद अब वाहनों को मुंगेर के कृष्णा सेतु होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है.इसके साथ ही डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने ट्रांसपोर्ट खर्च को और बढ़ा दिया है. व्यापारियों का कहना है कि मजदूरी, ढुलाई और मौसम की मार के कारण खाद्यान्न की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कीमतों में तेजी आयी है.

दाल, तेल और चावल के दाम में भारी उछाल

स्थानीय मंडी में खाद्यान्न, मसाला और रोजमर्रा के सामानों के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. कारोबारियों का कहना है कि महंगाई का असर अब हर वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है.मंडी में गेहूं 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है, जबकि मक्का 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये और अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है. बासमती चावल की कीमत 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गयी है.दालों की बात करें तो मसूर दाल 5550 से 6750 रुपये, मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये और अरहर दाल 11000 से 14500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है. वहीं सरसो तेल का 15 लीटर टिन 2070 से 2470 रुपये तक पहुंच गया है.

सब्जियों के दाम भी बढ़े

आलू और प्याज जैसी जरूरी सब्जियों के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. मंडी में आलू 1200 से 1450 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है.महंगाई बढ़ने से आम लोगों का मासिक बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है. गृहिणियों का कहना है कि पहले जितने खर्च में महीने भर का राशन आ जाता था, अब उतने में आधा सामान भी नहीं मिल पा रहा है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन