पूर्णिया में वॉकी टॉकी से नकल का बड़ा खुलासा, परीक्षा केंद्र के बाहर से चल रहा था

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 25 May 2026 1:00 PM

विज्ञापन

पूर्णिया में परीक्षा के दौरान वॉकी टॉकी से नकल कराने वाला व्यक्ति

Purnia News: पूर्णिया में परीक्षा के दौरान वॉकी टॉकी से नकल का बड़ा खुलासा हुआ. केंद्र के बाहर से पति और साथी जवाब भेज रहे थे, जबकि महिला अंदर परीक्षा दे रही थी.

विज्ञापन

Purnia News: पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट. पूर्णिया में डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान नकल का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जैमर लगे होने के बावजूद एक महिला परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए प्रश्नों के उत्तर लिख रही थी, जबकि बाहर उसका पति और एक सहयोगी वॉकी टॉकी के जरिए उसे जवाब बता रहे थे. इस पूरे रैकेट का खुलासा सजग छात्रों की सतर्कता से हुआ.

परीक्षा केंद्र के बाहर से चल रही थी नकल की साजिश

यह मामला शहर के महाराजी हाता स्थित संत पीटर्स स्कूल का है. पहली पाली की परीक्षा के दौरान महिला परीक्षार्थी अंदर परीक्षा दे रही थी. वहीं बाहर उसका पति और एक अन्य सहयोगी संत बिहार कॉलोनी के पास एक घर के नजदीक छिपकर वॉकी टॉकी के जरिए उत्तरों का आदान-प्रदान कर रहे थे.

छात्रों की सतर्कता से खुला पूरा खेल

मोहल्ले में मौजूद छात्रों को दोनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ. वॉकी टॉकी से बातचीत सुनकर छात्रों ने दोनों को घेर लिया और डिवाइस बरामद कर लिया. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया और छात्रों ने तुरंत उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया.

पति आधार कार्ड के बहाने फरार

छात्रों और भीड़ के बीच अफरा-तफरी का फायदा उठाकर महिला परीक्षार्थी का पति आधार कार्ड लाने के बहाने मौके से फरार हो गया. हालांकि, उसके सहयोगी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस ने किया इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वॉकी टॉकी सहित नकल में इस्तेमाल किए गए अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए. महिला परीक्षार्थी की पहचान लखीसराय निवासी संतन कुमार की पत्नी दौलत कुमारी और सहयोगी की पहचान हिंमांशु कुमार के रूप में हुई है.

प्रशासन ने शुरू की जांच

डीडीसी अंजनी कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है. उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्र में लगे जैमर के कामकाज की भी जांच की जा रही है, क्योंकि उसके बावजूद इलेक्ट्रॉनिक संचार संभव हुआ.

परीक्षा प्रणाली पर उठे सवाल

इस घटना के बाद परीक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरे नेटवर्क की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: Raid In Bihar: गयाजी के पूर्व सांसद रंजीत सिंह के घर से छापेमारी में मिली 50 लाख की नकली दवाइयां, महिला सहित 2 गिरफ्तार, जानिए अब तक क्या-क्या हुआ?

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन