छुट्टी मनाने मायके आ रहा परिवार हादसे का शिकार, पति-पत्नी और मासूम घायल

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 01 Jun 2026 10:18 AM

विज्ञापन

Banka Road Accident: गर्मी की छुट्टियां मनाने मायके आ रहे एक परिवार की खुशियां रास्ते में हादसे की भेंट चढ़ गईं. सड़क पर अचानक आई बकरी को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और पति-पत्नी समेत तीन वर्षीय मासूम घायल हो गया.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के कटोरिया क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए. सभी लोग झारखंड के दुमका जिले से बाइक पर सवार होकर राधानगर स्थित मायके आ रहे थे. रास्ते में अचानक सामने आई बकरी को बचाने के दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया में भर्ती कराया गया.

सड़क पर अचानक आई बकरी, बिगड़ गया संतुलन

जानकारी के अनुसार झारखंड के दुमका जिला अंतर्गत रामगढ़ गांव निवासी 28 वर्षीय रवि डे अपनी पत्नी रूपा कुमारी और तीन वर्षीय पुत्र रिसव कुमार के साथ बाइक से राधानगर बाजार आ रहे थे. सरैयाहाट से आगे सड़क पर अचानक एक बकरी आ गई. उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

पति-पत्नी और मासूम बच्चा हुए घायल

हादसे में रवि डे, उनकी 23 वर्षीय पत्नी रूपा कुमारी और तीन वर्षीय पुत्र रिसव कुमार घायल हो गए. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल सहायता पहुंचाई और परिजनों को सूचना दी.

सीएचसी में कराया गया प्राथमिक उपचार

घटना के बाद तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया लाया गया. यहां चिकित्सक डॉ. शैलजानंद शुक्ला के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार उपचार के बाद घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

रामगढ़ से राधानगर आ रही थी महिला

घायल रूपा कुमारी ने बताया कि वह अपने पति और बेटे के साथ गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए रामगढ़ से राधानगर स्थित मायके आ रही थीं. इसी दौरान रास्ते में यह दुर्घटना हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही उनके मायके पक्ष के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए.

सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर अचानक आने वाले पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की समस्या को उजागर किया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है. ऐसे में वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन