बांका में बजरंगबली की भक्ति में डूबे श्रद्धालु, मंदिरों में गूंजा हनुमान चालीसा, लगे जय श्रीराम के जयकारे

Updated:
विज्ञापन

बजरंगबली की प्रतिमा. | Prabhat Khabar Network

Banka Hanuman Temple : बांका जिले के बजरंगबली मंदिरों में भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा. श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ कर सुख-समृद्धि की कामना की. विशेष पूजा-अनुष्ठान और महाआरती से मंदिरों में भक्तिमय माहौल छाया रहा.

विज्ञापन

Banka Hanuman Temple : बांका जिले के विभिन्न हिस्सों में स्थित बजरंगबली मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की. मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गयी. भक्तों ने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ कर भगवान हनुमान से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. कई मंदिरों में सुबह और शाम महाआरती का आयोजन किया गया. इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.

बजरंगबली मंदिरों के साथ अन्य प्रमुख मंदिरों के पट भी सुबह करीब 5 बजे खोल दिये गये. श्रद्धालुओं ने कपूर और घी के दीपक जलाकर हनुमान जी की आरती की. इसके बाद तुलसी के साथ गुड़, चना और बेसन के लड्डू का भोग लगाया गया. मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं को पुजारियों द्वारा तिलक और टीका लगाया गया तथा पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया गया.

पंजवारा के संकट मोचन मंदिर में सुबह से उमड़ी भीड़

पंजवारा बाजार स्थित संकट मोचन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना के लिए जुटी रही. मंदिर का पट सुबह 6 बजे खोला गया, जो रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहा.

मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश मंडल और सचिव विनय भगत ने बताया कि पुजारी बच्चेलाल मिश्रा द्वारा नियमित रूप से श्रृंगार पूजा, आरती, महाआरती, भंडारा और प्रसाद वितरण कराया जाता है. प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संध्या कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया जाता है.

मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आसपास के गांवों के अलावा झारखंड के विभिन्न गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही.

भयहरण स्थान और पंचमुखी मंदिर में विशेष पूजा

शहर के भयहरण स्थान और बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की गयी. दोनों मंदिरों के पट सुबह 5 बजे ही खोल दिये गये. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामभक्त हनुमान की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की.

शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बजरंगबली मंदिरों में संध्या आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया. इसके अलावा अन्य हनुमान मंदिरों में भी शाम को विशेष पूजा और महाआरती आयोजित की गयी.

मंदार के मधुसूदन मंदिर में दिनभर चला पूजा-अनुष्ठान

मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भी दिनभर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. मंदिर के पुजारी के अनुसार सुबह 7:30 बजे पंडित विंदेश्वरी झा उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा द्वारा भगवान की प्रतिमा का महास्नान कराया गया. इसके बाद दोपहर 12 बजे के बाद भगवान को भोग लगाया गया.

शाम 6 बजे श्रृंगार पूजा और भव्य आरती का आयोजन किया गया. श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर का पट दोपहर 1 बजे पुनः खोला गया, जबकि देर शाम 7 बजे मंदिर का पट बंद कर दिया गया.

मंदिरों में दिनभर बना रहा भक्तिमय माहौल

बांका के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के कारण पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा. कहीं हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ हुआ तो कहीं कीर्तन और महाआरती के आयोजन ने श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया. मंदिरों में पहुंचे भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की तथा प्रसाद ग्रहण किया.


विज्ञापन
सुभाष वैद्य

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन