कटोरिया के ज्ञानेश भारती बने अंडमान-निकोबार के मुख्य सचिव, एक ही परिवार के दो IAS भाई संभालेंगे CS का दायित्व

Updated:
विज्ञापन

ज्ञानेश भारती. | Prabhat Khabar Network

Gyanesh Bharti IAS : कटोरिया के ज्ञानेश भारती को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है. यह उपलब्धि तब और खास हो जाती है जब उनके बड़े भाई आनंद वर्धन भी उत्तराखंड के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं. एक ही परिवार के दो भाइयों का मुख्य सचिव स्तर की जिम्मेदारी संभालना एक प्रेरणादायक उदाहरण है.

विज्ञापन

Gyanesh Bharti IAS : कटोरिया के लिए गौरव का एक और अध्याय जुड़ गया है. कटोरिया बाजार निवासी और 1998 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेश भारती को केंद्र सरकार ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का मुख्य सचिव नियुक्त किया है. गृह मंत्रालय की ओर से 10 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटने के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है. उनकी नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद कटोरिया सहित पूरे बांका जिले में खुशी का माहौल है.

निर्वाचन आयोग में उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त की संभाल रहे थे जिम्मेदारी

ज्ञानेश भारती वर्तमान में निर्वाचन आयोग में वरिष्ठ उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. अगस्त 2025 में उन्हें उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी थी. निर्वाचन आयोग में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भी उनके प्रशासनिक अनुभव का इस्तेमाल चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में किया गया. उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता के कारण उन्हें लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रही हैं.

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में भी रहे अपर सचिव

ज्ञानेश भारती केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में अपर सचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. इसके अलावा केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में काम करते हुए उन्होंने व्यापक प्रशासनिक अनुभव हासिल किया है.

विभिन्न जिम्मेदारियों के दौरान उनके प्रशासनिक कौशल और प्रभावी कार्यशैली की पहचान बनी. यही वजह है कि उन्हें लगातार महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी मिलती रही है. अब अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी प्रशासनिक करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.

कटोरिया हाईस्कूल से शुरू हुई थी शिक्षा

ज्ञानेश भारती की प्रारंभिक शिक्षा कटोरिया हाईस्कूल से हुई है. कटोरिया की धरती से शिक्षा की शुरुआत करने के बाद उन्होंने दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल की. इसके बाद संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया.

कटोरिया जैसे क्षेत्र से निकलकर देश के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद तक पहुंचना स्थानीय लोगों के लिए गर्व की बात है. उनकी उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो प्रशासनिक सेवा में अपना करियर बनाने का सपना देखते हैं.

एक परिवार में दो भाई, दोनों संभाल रहे मुख्य सचिव स्तर की जिम्मेदारी

ज्ञानेश भारती की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उनके बड़े भाई आनंद वर्धन भी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं. 1992 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद वर्धन 31 मार्च 2025 से उत्तराखंड सरकार के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं.

इस तरह एक ही परिवार के दो भाई अलग-अलग क्षेत्रों में मुख्य सचिव स्तर की महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. दोनों भाइयों की यह उपलब्धि प्रशासनिक क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उदाहरण के रूप में देखी जा रही है.

ज्ञानेश भारती की नियुक्ति से कटोरिया में खुशी

ज्ञानेश भारती को अंडमान एवं निकोबार का मुख्य सचिव बनाए जाने की खबर से कटोरिया क्षेत्र में खुशी की लहर है. जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दी हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि कटोरिया हाईस्कूल से शिक्षा प्राप्त कर देश की शीर्ष प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. ज्ञानेश भारती की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि कटोरिया और पूरे बांका जिले के लिए गौरव का विषय है.

ये भी पढ़ें :सलेमपुर की जानू ने हासिल की अंतरराष्ट्रीय उड़ान, ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप के तहत दक्षिण कोरिया में करेंगी मास्टर की पढ़ाई


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन