भागलपुर–मंदारहिल–हंसडीहा रेलखंड पर शाम की लोकल ट्रेन की मांग तेज

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 31 May 2026 9:53 AM

विज्ञापन

Banka News : दिनभर पढ़ाई, नौकरी और कारोबार के बाद घर लौटने वाले हजारों यात्रियों को शाम के समय ट्रेन सुविधा नहीं मिलने से परेशानी उठानी पड़ रही है. अब भागलपुर–मंदारहिल–हंसडीहा रेलखंड पर शाम छह बजे के आसपास एक अतिरिक्त MEMU/DEMU लोकल ट्रेन चलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है.

विज्ञापन

बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : भागलपुर से मंदारहिल और हंसडीहा की ओर प्रतिदिन हजारों छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, श्रमिक और आम यात्री सफर करते हैं. इसके बावजूद शाम के समय इस रेलखंड पर स्थानीय यात्रियों के लिए पर्याप्त रेल सेवा उपलब्ध नहीं है. यही वजह है कि क्षेत्र के लोगों ने भागलपुर से शाम करीब छह बजे एक अतिरिक्त MEMU/DEMU लोकल ट्रेन चलाने की मांग तेज कर दी है. सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक इस मांग को व्यापक समर्थन मिल रहा है.

शाम में ट्रेन नहीं मिलने से बढ़ रही परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर कामकाज, व्यापार और पढ़ाई के बाद घर लौटने वाले यात्रियों के लिए शाम के समय सीधी और सुविधाजनक ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है. इसके कारण बड़ी संख्या में लोगों को बसों या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे यात्रा महंगी होने के साथ-साथ अधिक समय भी लगता है.

हजारों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

यात्रियों का मानना है कि यदि भागलपुर से मंदारहिल होते हुए हंसडीहा तक शाम के समय एक अतिरिक्त लोकल ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाए तो इससे प्रतिदिन हजारों लोगों को राहत मिलेगी. खासकर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

सड़क यातायात का दबाव भी होगा कम

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अतिरिक्त रेल सेवा शुरू होने से सड़क मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को भी कम किया जा सकेगा. वर्तमान में बड़ी संख्या में लोग बसों और निजी वाहनों से यात्रा करने को मजबूर हैं, जिससे सड़क पर भीड़ और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है.

पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

मंदारहिल धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है. वर्षभर यहां विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. लोगों का मानना है कि शाम के समय बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा.

सोशल मीडिया पर तेज हुई चर्चा

इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है. स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म संचालक निर्मल झा द्वारा शाम की लोकल ट्रेन की आवश्यकता को लेकर विचार साझा किए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इस मांग का समर्थन किया है और रेलवे प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई है.

दर्जनों लोगों ने किया समर्थन

सोशल मीडिया पर रूपेश कुमार, सोनल कुमारी, सुबोध सिंह, अभिषेक कुमार, ओम सहाय, मनोज भगत, सुशील बजाज, नरेश झा, कुंदन कुमार यादव, मानिक झा, कौशिक सिंह और दिलीप कुमार सहित कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शाम की अतिरिक्त ट्रेन सेवा की आवश्यकता बताई है.

क्षेत्रीय विकास में निभा सकती है महत्वपूर्ण भूमिका

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भागलपुर–मंदारहिल–हंसडीहा रेलखंड पर शाम छह बजे के आसपास अतिरिक्त MEMU/DEMU सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि शिक्षा, रोजगार, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी. लोगों ने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन