प्रभात खबर इंपैक्ट : मंदार हिल स्टेशन पर जल्द लगेगा कोच इंडिकेटर, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 29 May 2026 2:27 PM

विज्ञापन

Banka News : मंदार हिल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की वर्षों पुरानी परेशानी अब खत्म होने वाली है. प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और स्टेशन पर जल्द कोच इंडिकेटर लगाने का फैसला लिया गया है.

विज्ञापन

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मंदार हिल रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है. प्रभात खबर द्वारा स्टेशन पर कोच इंडिकेटर नहीं होने से यात्रियों को हो रही परेशानी की खबर प्रमुखता से प्रकाशित किये जाने के बाद रेलवे प्रशासन ने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. जल्द ही स्टेशन पर आधुनिक कोच इंडिकेटर सिस्टम लगाया जाएगा.

खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया रेलवे प्रशासन

प्रभात खबर ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और अखबार में “मंदार हिल स्टेशन पर कोच इंडिकेटर नहीं, यात्री रोज झेल रहे परेशानी” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी.खबर सामने आने के बाद मालदा डिवीजन के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया. जानकारी के अनुसार खबर प्रकाशित होने के तुरंत बाद मालदा डिवीजन के दो अधिकारियों ने प्रभात खबर संवाददाता से संपर्क कर यात्रियों की समस्या के समाधान का भरोसा दिया.रेलवे सूत्रों के मुताबिक डीआरएम स्तर से कोच इंडिकेटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

यात्रियों को होती थी भारी परेशानी

अब तक मंदार हिल स्टेशन पर कोच इंडिकेटर की सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.खासकर वंदे भारत एक्सप्रेस, कविगुरु एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की ट्रेनों के आगमन के समय यात्रियों को यह जानकारी नहीं मिल पाती थी कि उनका कोच प्लेटफॉर्म के किस हिस्से में रुकेगा.इसके चलते ट्रेन आते ही प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता था और यात्री अपना कोच खोजने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते थे.

बुजुर्ग और महिलाओं को होती थी सबसे ज्यादा दिक्कत

कोच इंडिकेटर नहीं होने का सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांग यात्रियों और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों पर पड़ रहा था.कई बार यात्रियों को भारी सामान लेकर प्लेटफॉर्म पर दौड़ना पड़ता था, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी.स्थानीय लोगों का कहना है कि आधुनिक सुविधा के अभाव में यात्रियों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही थी.

सामाजिक संगठनों ने जतायी खुशी

प्रभात खबर द्वारा मुद्दा उठाने के बाद स्थानीय यात्रियों और सामाजिक संगठनों ने खुशी जाहिर की है.लोगों का कहना है कि कोच इंडिकेटर लग जाने से स्टेशन पर भीड़ और अव्यवस्था कम होगी तथा यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.

पर्यटन और आस्था का बड़ा केंद्र है मंदार हिल

मंदार हिल स्टेशन धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं.ऐसे में लंबे समय से स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाओं की मांग की जा रही थी. अब कोच इंडिकेटर लगाने की पहल से यात्रियों में राहत और उम्मीद दोनों बढ़ गयी है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन