सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण से अस्पताल में मची हलचल, समय पर ड्यूटी और बेहतर व्यवस्था के दिए निर्देश

निरिक्षण के दौरान मरीजों से जानकारी प्राप्त करते सिविल सर्जन. | Prabhat Khabar Network
Amarpur Hospital Inspection: बांका सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र प्रसाद सिंह ने सोमवार को अमरपुर रेफरल अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया. उन्होंने कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
Amarpur Hospital Inspection: सोमवार सुबह बांका सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र प्रसाद सिंह के अचानक अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचने से अस्पताल कर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. उन्होंने अस्पताल के आउटडोर, डॉक्टर कक्ष, दवा वितरण केंद्र, प्रसव वार्ड और अन्य महत्वपूर्ण विभागों का बारीकी से निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया.
उपस्थिति पंजी की जांच, समय पर ड्यूटी का निर्देश
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया. कुछ कर्मियों की उपस्थिति निर्धारित समय से विलंब से दर्ज होने पर उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अनुशासन और समयबद्ध कार्यप्रणाली से ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं.
श्रावणी मेला को लेकर चिकित्सकों को विशेष निर्देश
आगामी श्रावणी मेला को ध्यान में रखते हुए सिविल सर्जन ने अस्पताल में पदस्थापित सभी चिकित्सकों को नियमित रूप से उपस्थित रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मेले के दौरान मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
मरीजों से जाना अस्पताल की सुविधाओं का हाल
निरीक्षण के दौरान डॉ. जितेंद्र प्रसाद सिंह ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, दवा उपलब्धता और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली. साथ ही चिकित्सा प्रभारी डॉ. दीप्ति सिन्हा से अस्पताल संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि व्यवस्थाओं में और सुधार किया जा सके.
कुछ कमियों को दूर करने का दिया निर्देश
निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन ने बताया कि अधिकांश चिकित्सक और कर्मचारी नियमित समय पर उपस्थित मिले. अस्पताल की कुछ छोटी-छोटी कमियों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें जल्द दूर करने के निर्देश चिकित्सा प्रभारी को दिए गए हैं. इस अवसर पर डॉ. पंकज कुमार, डॉ. अमीत कुमार शर्मा, अस्पताल प्रबंधक ऋषि कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक यशराज, अभिषेक कुमार घोष, रंजीत कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रीतम कुमार
प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










