प्रेमी संग भागी बहन को भाई ने दी मौत की सजा, हत्या के बाद गंगा किनारे किया पिंडदान

पुलीस गिरफ्त में आरोपी भाई
UP News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई युवती की उसके भाई ने धारदार आरी से हत्या कर दी. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने गंगा घाट पर मुंडन और पिंडदान भी किया.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई 22 वर्षीय युवती की उसके सगे भाई ने कथित तौर पर हत्या कर दी. आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी गंगा घाट पहुंचा, मुंडन कराया और बहन का पिंडदान भी किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
खेत में मिली युवती की खून से लथपथ लाश
यह मामला गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव का है. 23 जुलाई की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव के एक खेत में किसी के घसीटे जाने के निशान दिखाई दे रहे हैं. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो खेत में एक युवती का खून से लथपथ शव मिला. प्रारंभिक जांच में युवती की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
500 सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल ट्रैकिंग से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी धवल जायसवाल के निर्देश पर एसीपी प्रिया श्रीपाल के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया. जांच के दौरान करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. पुलिस को पता चला कि युवती को ऑटो से घटनास्थल तक लाया गया था और उसके पीछे एक कार भी चल रही थी. मोबाइल ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी भाई तक पहुंच गई.
प्रेम प्रसंग से नाराज था भाई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन गांव के एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और करीब 20 दिन पहले उसके साथ घर छोड़कर चली गई थी. परिवार ने काफी तलाश के बाद युवती को खोज निकाला. आरोपी उसे नोएडा से घर ले जाने के बहाने निकला, लेकिन रास्ते में वेव सिटी क्षेत्र के जंगल में धारदार आरी के ब्लेड से उसकी हत्या कर शव वहीं फेंक दिया.
हत्या के बाद गंगा किनारे किया पिंडदान
पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हापुड़ के बृजघाट पहुंचा, जहां उसने मुंडन कराया और बहन का पिंडदान भी किया. इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों के मुताबिक हत्या के पीछे ऑनर किलिंग की आशंका सामने आई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है.
Input: Ravi Ranjan Kumar
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










