बांका में 17 साल की खुशी साहा बनीं बच्चों की उम्मीद, शिक्षा और सेवा से जीत रहीं लोगों का दिल

पाठ्य-सामग्री हाथ में लिए बच्चों के साथ खुशी.
Teen Social Worker : महज 17 साल की खुशी साहा बांका में समाजसेवा की मिसाल पेश कर रही हैं. जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा और परिवारों को सहायता पहुंचाकर वे लोगों का दिल जीत रही हैं. उनकी पहल युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है.
Teen Social Worker : बांका शहर के शास्त्री चौक निवासी विनोद प्रसाद साहा और गुडिया देवी की पुत्री खुशी साहा आज जिले में एक प्रेरणादायक पहचान बना रही हैं. महज 17 वर्ष की उम्र में उन्होंने समाजसेवा को अपना उद्देश्य बनाया है. पिछले छह महीनों से वह जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा की अलख जगा रही हैं और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित कर रही हैं.
बच्चों को पढ़ाई की सामग्री देकर बढ़ा रहीं आत्मविश्वास
खुशी साहा केवल बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित ही नहीं करतीं, बल्कि उन्हें कॉपी, किताब और अन्य आवश्यक पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध कराती हैं. उनका मानना है कि आर्थिक अभाव किसी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बनना चाहिए. यही सोच उन्हें लगातार समाज के कमजोर वर्ग के बीच काम करने के लिए प्रेरित कर रही है.
जरूरतमंद परिवारों तक भी पहुंचा रहीं मदद
शिक्षा के साथ-साथ खुशी गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का भी प्रयास कर रही हैं. उनका कहना है कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता करे. इसी भावना के साथ वह लगातार लोगों की मदद में जुटी हुई हैं.
'अपने लिए तो सभी जीते हैं, समाज के लिए भी जीना चाहिए'
खुशी साहा बताती हैं कि बचपन से ही उनके मन में समाजसेवा के प्रति गहरी रुचि रही है. 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने इस दिशा में सक्रिय होकर काम शुरू किया. उनका कहना है कि अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन यदि किसी गरीब बच्चे के जीवन में उनकी छोटी-सी मदद से बदलाव आता है, तो वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हैं. यही भावना उन्हें हर दिन आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है.
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
खुशी साहा की इस पहल की जिले के कई लोग सराहना कर रहे हैं. कम उम्र में समाज के प्रति उनकी संवेदनशील सोच और सेवा का जज्बा अन्य युवाओं को भी प्रेरित कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और भविष्य में अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुभाष वैद्य
सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










