2026 कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप शुरू, भारत को मिलेगी ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड से टक्कर

22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ (फोटो—एक्स)
नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हुआ है. 27 जुलाई से 2 अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 25 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. भारत की पुरुष टीम खिताब की प्रबल दावेदार है.
22nd Commonwealth Table Tennis Championships: नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हो गया है. 27 जुलाई से 2 अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 25 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीय भारत खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है, जबकि महिला वर्ग में सिंगापुर नंबर-1 वरीय टीम है.
CM रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चैंपियनशिप का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भाग लेने वाले देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि दिल्ली अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है और सरकार लगातार खेल सुविधाओं व इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बना रही है.
25 देशों के खिलाड़ियों का दिल्ली में स्वागत
दिल्ली के खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि 25 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ियों की मेजबानी करना राजधानी के लिए गर्व की बात है. उनके मुताबिक खेल एक ऐसी सार्वभौमिक भाषा है, जो संस्कृति, भाषा और सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों को जोड़ती है. इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया और सिंगापुर समेत कई देशों की टीमें इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही हैं.
भारत की पुरुष टीम पर रहेंगी निगाहें
पुरुष वर्ग में भारत की चुनौती जी. साथियान, हरमीत देसाई, मानव ठक्कर, मानुष शाह और पायस जैन संभालेंगे. शीर्ष वरीयता और घरेलू परिस्थितियों का फायदा भारतीय टीम को मिलेगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमें उसके लिए कड़ी चुनौती पेश करेंगी.
महिला टीम के सामने सिंगापुर की चुनौती
महिला वर्ग में श्रीजा अकुला, सुतिर्था मुखर्जी, यशस्विनी घोरपड़े, सिंड्रेला दास और स्वस्तिका घोष भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी. स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा इस टीम का हिस्सा नहीं हैं. महिला वर्ग में शीर्ष वरीय सिंगापुर सबसे बड़ी चुनौती होगी, जबकि कनाडा, मलेशिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं.
रिकॉर्ड प्राइज मनी और नया फॉर्मेट
इस बार चैंपियनशिप में रिकॉर्ड 110,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई है. टीम प्रतियोगिता तीन चरणों के फॉर्मेट में खेली जाएगी, जिसमें हर टीम को कम से कम छह मैच खेलने का मौका मिलेगा. ग्रुप चरण के बाद शीर्ष टीमें नॉकआउट में पहुंचेंगी, जबकि बाकी टीमें क्लासिफिकेशन मुकाबलों के जरिए अंतिम रैंकिंग तय करेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










