अमृत भारत एक्सप्रेस को गोड्डा तक बढ़ाने की मांग तेज, बांका-गोड्डा के लाखों यात्रियों को मिलेगा लाभ

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन व मंदार हिल रेलवे स्टेशन.

Amrit Bharat Express Extension Demand: अगर रेलवे ने एक फैसला लिया तो बांका, बौसी और गोड्डा के लाखों यात्रियों की वर्षों पुरानी परेशानी दूर हो सकती है. अमृत भारत एक्सप्रेस को गोड्डा तक बढ़ाने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेने लगी है.

विज्ञापन

बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Amrit Bharat Express Extension Demand: अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन के बीच अब इस ट्रेन को भागलपुर से आगे मंदारहिल और हंसडीहा होते हुए गोड्डा तक विस्तारित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है. स्थानीय व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि ट्रेन का रैक भागलपुर स्टेशन पर करीब 10 घंटे तक खाली खड़ारहेगा. ऐसे में इस समय का उपयोग करते हुए ट्रेन को गोड्डा तक चलाया जा सकता है, जिससे बांका और गोड्डा जिले के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.

10 घंटे का खाली समय बना नयी मांग का आधार

स्थानीय लोगों का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का रैक भागलपुर स्टेशन पर लंबे समय तक निष्क्रिय रहेगा. रेलवे यदि इस अतिरिक्त समय का उपयोग करे तो बिना किसी बड़े बदलाव के ट्रेन को मंदारहिल, हंसडीहा होते हुए गोड्डा तक संचालित किया जा सकता है. इससे रेलवे संसाधनों का बेहतर उपयोग भी होगा और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा भी मिलेगी.

बांका और गोड्डा के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

वर्तमान में बांका और गोड्डा क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए भागलपुर, जसीडीह या अन्य बड़े स्टेशनों का सहारा लेना पड़ताहै. ट्रेन के गोड्डा तक विस्तार होने से यात्रियों को अहमदाबाद, पटना सहित देश के कई महत्वपूर्ण शहरों तक सीधा रेल संपर्क मिल सकेगा. इससे समय और यात्रा खर्च दोनों में कमी आएगी.

तकनीकी रूप से भी आसान है विस्तार

रेलवे जानकारों के अनुसार भागलपुर से गोड्डा तक ट्रेन के आने-जाने में लगभग सात घंटे का समय लगेगा. इसके बाद भी ट्रेन की साफ-सफाई, पानी भरने और नियमित तकनीकी जांच के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध रहेगा. अमृत भारत एक्सप्रेस के दोनों सिरों पर इंजन लगे होने के कारण दिशा परिवर्तन में भी अतिरिक्त समय नहीं लगता, जिससे इसका संचालन और अधिक आसान हो जाता है.

मंदार क्षेत्र के पर्यटन को भी मिलेगा नया आयाम

यदि ट्रेन मंदारहिल और हंसडीहा रेलखंड से होकर चलती है तो इसका लाभ केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा. धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मंदार क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है. इससे स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.

रेलवे के फैसले पर टिकी हैं लोगों की उम्मीदें

क्षेत्र के लोगों का मानना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का गोड्डा तक विस्तार केवल एक रेल सुविधा नहीं बल्कि पिछड़े क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा. अब लोगों की निगाहें रेलवे प्रशासन और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि वे इस जनभावना को कितनी गंभीरता से लेते हैं.

Also Read : अंशुल बने बांका के नये डीएम, तो पत्नी अलंकृता संभालेंगी भागलपुर की कमान, बांका की सुरक्षा व्यवस्था होंगे कप्तान अमितेश के जिम्मे

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन