भागलपुर-दुमका NH पर गैस कंटेनर और हाइवा की टक्कर, सिलेंडर लूटने पहुंच गये लोग

Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

हादसे के बाद सड़क पर बिखरे सिलेंडर और क्षतिग्रस्त वाहन.

Bhagalpur Dumka Highway Accident: भागलपुर-दुमका हाईवे पर गैस कंटेनर और हाइवा की भीषण टक्कर में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद सैकड़ों सिलेंडर सड़क पर बिखर गए.

विज्ञापन

बौसी (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट:

Bhagalpur Dumka Highway Accident: भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. बाराहाट थाना क्षेत्र के ओरिया गांव के समीप गैस सिलेंडरों से लदा एक कंटेनर और तेज रफ्तार हाइवा आमने-सामने टकरा गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

केबिन में फंस गया चालक, ग्रामीणों ने बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. दुर्घटना में गैस कंटेनर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और केबिन में फंस गया.

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया और बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

क्षतिग्रस्त वाहन

सड़क और खेतों में बिखर गए सैकड़ों सिलेंडर

हादसे के बाद कंटेनर पर लदे सैकड़ों गैस सिलेंडर सड़क और आसपास के खेतों में बिखर गए. सिलेंडरों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इस दौरान कुछ लोग सिलेंडर उठाकर अपने साथ ले गए. हालांकि इस संबंध में अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. घटनास्थल पर कुछ समय तक अव्यवस्था और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि किसी सिलेंडर से गैस रिसाव होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बाराहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए सड़क पर बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई.

अधिकारियों ने बताया कि यातायात को सामान्य बनाने और दुर्घटनास्थल को सुरक्षित करने का कार्य लगातार जारी रहा. साथ ही सिलेंडरों की संख्या और स्थिति का आकलन भी किया जा रहा है.

सीसीटीवी और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या सिलेंडरों के गायब होने की पुष्टि होती है तो आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के कारण भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. बाद में पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है. हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

क्या बोले थानाध्यक्ष

बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सिलेंडर लूटे जाने की कोई आधिकारिक सूचना अभी तक प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि सिलेंडरों की गिनती और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन