मिट्टी की दीवार ढहने से दूधमुंही पोती की मौत, दादी का टूटा पैर

Updated at : 02 Aug 2025 9:04 PM (IST)
विज्ञापन
मिट्टी की दीवार ढहने से दूधमुंही पोती की मौत, दादी का टूटा पैर

फूलवरिया खुर्द गांव में शनिवार को मिट्टी की दीवार ढहने से उसमें दबकर चार माह की मासूम दूधमुंही पोती की मौत हो गयी, जबकि दादी का एक पैर टूट गया.

विज्ञापन

हादसे के दौरान चार माह की मासूम पोती संग खाट पर सोई थी वृद्ध दादी

कटोरिया. कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़वासिनी पंचायत के फूलवरिया खुर्द गांव में शनिवार को मिट्टी की दीवार ढहने से उसमें दबकर चार माह की मासूम दूधमुंही पोती की मौत हो गयी, जबकि दादी का एक पैर टूट गया. घटना के बाद पीड़ित परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. मृत मासूम की पहचान फूलवरिया खुर्द गांव निवासी विनोद राय व शोभा देवी की आठवीं संतान संजना कुमारी के रूप में हुई है. मृत बच्ची की जख्मी दादी रमनी देवी पति रामेश्वर राय का रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया. फिर उसे बेहतर इलाज को लेकर रेफर किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार चार माह की दूधमुंही पोती संजना को लेकर उसकी दादी रमनी देवी खाट पर सोई थी, तभी मिट्टी की दीवार अचानक ध्वस्त होकर खाट पर गिर गया, जिसमें दबकर मासूम संजना की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि रमनी देवी के एक पैर की हड्डी टूट गयी. एंबुलैंस से मासूम व उसकी दादी को रेफरल अस्पताल लाया गया. जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार ने जांच के बाद मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया.

पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

दीवार ढहने से मृत संजना कुमारी अपनी सात बहनों व एक भाई में सबसे छोटी थी. उसकी मां शोभा देवी, पिता विनोद राय, दादी रमनी देवी, चचेरी दादी जयवंती देवी, चाची सुगिया देवी, छह बहनों पूनम कुमारी, बासमती कुमारी, जूली कुमारी, निशा कुमारी, शिवानी कुमारी व साक्षी कुमारी एवं भाई दिलखुश कुमार आदि का रो-रोकर बुरा हाल रहा. हादसे की सूचना पर कटोरिया थाना की पुलिस टीम ने रेफरल अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. मृत मासूम बच्ची के शव को रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
DEEPAK KUMAR CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By DEEPAK KUMAR CHOUDHARY

DEEPAK KUMAR CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन