लड़की के प्रेमी ने शादी रुकवाने के लिए दूल्हे के पिता पर चलवाई गोली, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

एक आरोपी गिरफ्तार
Aurangabad News: औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र में लड़की के प्रेमी ने शादी रुकवाने के इरादे से दूल्हे के पिता पर हमला करवाया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद खुशियों से भरे शादी वाला घर गंभीर सन्नाटे में बदल गया.
Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र से चौकाने वाली घटना सामने आई, जब चिंतावन बिगहा गांव में बारात निकलने से पहले लड़की के प्रेमी ने दुल्हे के पिता सुनील पांडेय उर्फ अरुण पांडेय पर गोली चलवा दी. जिसके बाद शादी के चहल-पहल वाले घर में मातम पसर गया. हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले अपराधी को घटना के 4 दिनों के अंदर गिरफ्तार कर न्यायीक हिरासत में भेज दिया. पकड़ा गया अपराधी जितेंद्र कुमार बिहटा थाना क्षेत्र के बिहटा गांव का रहने वाला है.
27 अप्रैल की सुबह बाजार से लौटते वक्त हुआ हमला
दूल्हे के पिता 27 अप्रैल के सुबह कुटुंबा थाना क्षेत्र के चिंतावन विभाग गांव के निवासी सुनील पांडेय उर्फ अरुण पांडेय और अपने चचेरे भाई प्रमोद पांडेय के साथ अंबा बाजार से सामान की खरीदारी कर स्कुटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान अंबा-नवीनगर मुख्य पथ पर रसोईया गांव के पास अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और चेहरे पर गोली मार दी.
शादी रोकने के इरादे से किया हमला
इस घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी और लड़की के प्रेमी के बीच डेढ़ लाख रुपए पर सौदा तय हुआ था. जिसमें दूल्हे या उसके पिता को शादी से पहले मारना शामिल था.जिससे शादी रुक जाए. इसके लिए आरोपी को 50 हजार रुपए एडवांस दिए गए थे.थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और घटना में उसकी संलिप्तता के ठोस प्रमाण मिले हैं.
दूल्हे के नहीं मिलने पर पिता को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने में तीन लोग शामिल थे, जो एक डिजायर कार में सवार होकर कुटुंबा थाना क्षेत्र के चिंतावन बिगहा गांव पहुंचे थे. अपराधियों ने पकड़े जाने या पहचाने जाने के डर से गाड़ी के नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा दिया था. घटना कि अंजाम देने के लिए अपराधियों ने पहले गांव में रेकी किया और जब दूल्हा नहीं मिला तो रसोईया गांव के पास बाजार से सामान लेकर लौट रहे दूल्हे के पिता को पहले उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मारी, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी. गोली सुनील पांडेय के सिर को निशाना बनाकर चलाई गई, लेकिन गनीमत रही की वह उनकी बाईं आंख के नीचे जाकर लगी. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद उन्हें तुरंत कुटुंबा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालात को देखते हुए पटना एम्स रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने आरोपी को उसके पैतृक गांव से किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंबरीश राहुल के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. जब पुलिस ने जांच शुरू की तो कई साक्ष्य मिले. जिसके के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर स्थानीय पुलिस के मदद से उसे बिहटा बाजार स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. घटना के 4 दिनों के अंदर शूटर की गिरफ्तारी कुटुंबा पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.
हालांकि घटना का मुख्य आरोपी दुल्हन का प्रेमी दिलीप कुमार समेत अन्य दो और अपराधी फरार चल रहे हैं, जिनके गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. कुटुंबा थाना के थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि जल्द ही घटना में शामिल अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आरोपी की गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष इमरान आलम के साथ एसआई प्रशांत त्रिवेदी और उमेश कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे. थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए अपराधी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










