बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर में शराब के नशे में हंगामा, दो युवक गिरफ्तार

घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया
गोह. देवकुंड थाना मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर में शराब के नशे में हंगामा और मारपीट कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान दो युवक शराब के नशे में आपस में गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगे. देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया. मंदिर परिसर में हंगामा होते देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना देवकुंड पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उनकी पहचान गोह थाना मुख्यालय के अंदर बाजार निवासी विरेंद्र साव के पुत्र विनीत कुमार तथा अरवल जिले के शहर तेलपा थाना क्षेत्र अंतर्गत पांचू बिगहा निवासी रामधन चौधरी के पुत्र इंदल कुमार के रूप में हुई. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि दोनों युवक शराब के नशे में मंदिर परिसर में हो-हंगामा और लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे. पुलिस द्वारा मेडिकल जांच कराये जाने पर शराब पीने की पुष्टि हुई. इसके बाद दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि धार्मिक स्थल पर इस प्रकार की हरकत से श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गयी. लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










