Aurangabad News : भगवान भास्कर की आराधना कर की नये वर्ष की शुरूआत

Aurangabad News: देव के सूर्य मंदिर में दर्शन करने उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
औरंगाबाद/देव़ औरंगाबाद के लाखों लोगों ने नव वर्ष 2026 के पहले दिन की शुरूआत भगवान के दर्शन-पूजन के साथ किया. गुरुवार को सूर्य नगरी देव पूरी तरह धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया. साल के पहले दिन की शुरूआत लोगों ने प्राचीन सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य नारायण के दर्शन और पूजा-पाठ के साथ किया. मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी. मंदिर प्रबंधन की ओर से तड़के पूजा-अर्चना के बाद कपाट खोल दिया गया था. घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु लंबी कतार में लगकर भगवान के दर्शन करते रहे. मंदिर में घंटियों की गूंज और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान से सुखद भविष्य की कामना की .
सेल्फी से यादें की ताजा
युवक-युवतियां सहित अन्य श्रद्धालु परिवार संग मंदिर परिसर में सेल्फी लेते नजर आये. करीब 10 बजे के आसपास सूर्यदेव के दर्शन होने पर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा गया. दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि भगवान भास्कर का आशीर्वाद हमेशा औरंगाबाद के लोगों पर रहा है आगे भी भगवान सब कुछ बेहतर रखेंगे. इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखा गया. सुबह से ही लोग ठंड को मात देते हुए स्नान ध्यान कर सूर्य मंदिर में पूजा पाठ कर नये साल पर जीवन में कल्याण और सुख-समृद्धि प्राप्त करने की दुआ मांगी. श्रद्धालुओं की व्यवस्था सहूलियत को देखते हुए सूर्य मंदिर न्यास समिति ने भी सारे इंतजाम दुरुस्त कर रखे थे. पुलिस की सतर्कता से लोग संयमित दिखे. इधर, देव थानाध्यक्ष कुमार सौरभ के नेतृत्व में पुलिस द्वारा भी विधि व्यवस्था को नियंत्रित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए लगातार गश्ती किया गया. सूर्य मंदिर के पुजारी राजेश पाठक ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार वास्तविक नव वर्ष की शुरुआत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से होती है, लेकिन सामाजिक और समयानुसार लोग अंग्रेजी नव वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं. मंदिर में भगवान को विशेष रूप से फूल-मालाओं से सजाया गया है और सुबह साढ़े चार बजे ही कपाट खोल दिये गये थे, तभी से श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई है.
युवाओं ने लिया पिकनिक का आनंद
नव वर्ष पर श्रद्धालु उत्साहित होकर पूजा करते दिखे वहीं युवा वर्ग के लोग पिकनिक का आनंद लेते रहे. झारखंड की सीमा से लग रहे देव प्रखंड का दक्षिणी क्षेत्र सुंदर व सुसज्जित पहाड़ियों की वजह से युवाओं को आकर्षित किया. पहली जनवरी पर विभिन्न पिकनिक स्पॉट पर प्रशासन भी चौकस रही. इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गयी थी, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो खासकर शराब बेचने वाले व पीने वाले पर पुलिस की नजर रही.
डीएम व एसपी ने की सूर्य मंदिर में दर्शन
डीएम अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल के साथ-साथ एसडीओ सह सूर्य मंदिर न्यास समिति अध्यक्ष संतन कुमार सिंह ने गुरुवार को पौराणिक सूर्य मंदिर में भगवान का दर्शन–पूजन किया. देव सूर्य मंदिर पहुंचने पर बीडीओ दीपक कुमार, सीओ दीपक कुमार, सूर्य मंदिर न्यास समिति के सचिव विश्वजीत राय व सदस्य योगेंद्र सिंह ने स्वागत किया. सूर्य मंदिर के पुजारी राजेश पाठक, सुभाष पाठक व अमित पाठक पूरे विधि विधान से मंत्रोच्चार कर भगवान सूर्य नारायण की पूजा अर्चना करायी. अधिकारियों ने कहा कि भगवान सूर्य सबकी मनोकामना पूर्ण करें.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




