पटना में एक करोड़ की पार्षद निधि योजना पर ब्रेक, 75 में सिर्फ 6 वार्डों ने भेजे विकास प्रस्ताव

निगम पर्षद की बैठक
Patna News: पटना नगर निगम की महत्वाकांक्षी एक करोड़ पार्षद निधि योजना 4.0 की रफ्तार धीमी पड़ गई है। योजना को अंतिम मंजूरी मिले करीब पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक 75 वार्डों में से केवल छह वार्ड पार्षदों ने ही विकास योजनाओं की अनुशंसा नगर निगम को भेजी है.
Patna News: (हिमांशु देव की रिपोर्ट)
पटना शहर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति देने के उद्देश्य से शुरू की गई एक करोड़ पार्षद निधि योजना 4.0 अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ सकी है. लंबे राजनीतिक विमर्श और मंजूरी प्रक्रिया के बाद शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक केवल छह वार्डों से ही विकास कार्यों के प्रस्ताव नगर निगम को प्राप्त हुए हैं.
नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना को 29 मार्च 2025 को बजट बैठक में पारित किया था. इसके बाद 12 जनवरी 2026 को सशक्त स्थायी समिति और 7 फरवरी 2026 को निगम परिषद की बैठक में इसे अंतिम मंजूरी मिली..योजना के तहत प्रत्येक वार्ड पार्षद अपने क्षेत्र में अधिकतम एक करोड़ रुपये तक के विकास कार्यों की अनुशंसा कर सकते हैं.
पांच महीने बाद भी अधिकांश वार्डों से नहीं आए प्रस्ताव
योजना को मंजूरी मिलने के करीब पांच महीने बाद भी अधिकांश वार्डों से प्रस्ताव नहीं मिलने के कारण इसके क्रियान्वयन की रफ्तार धीमी बनी हुई है. नगर निगम को अब तक बांकीपुर और कंकड़बाग अंचल के छह वार्डों से कुल 37 योजनाओं की अनुशंसा प्राप्त हुई है.
इन योजनाओं का प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार कर लिया गया है और तकनीकी स्वीकृति भी मिल चुकी है. हालांकि शेष 69 वार्डों से अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं मिलने से योजना का लाभ व्यापक स्तर पर लोगों तक नहीं पहुंच पाया है.
सड़क, नाला और पेवर ब्लॉक निर्माण के प्रस्ताव
कंकड़बाग अंचल के वार्ड 35 से सेल्फी प्वाइंट की बैरिकेडिंग, चांदमारी रोड, तृप्ति होटल और नंदन टावर के पास नाला-सह-सड़क एवं पेवर ब्लॉक निर्माण की योजनाएं भेजी गई हैं. वहीं वार्ड 32 से अशोक नगर, मधुबन कॉलोनी और रामकृष्ण नगर में नाला एवं नाला-सह-सड़क निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं.
सामुदायिक भवन और जिम निर्माण की भी योजना
बांकीपुर अंचल के वार्ड 39 से भंवर पोखर में जिम भवन और देवी स्थान परिसर में सामुदायिक भवन निर्माण का प्रस्ताव मिला है. वार्ड 38 से कदमकुआं वेंडिंग जोन में एसीपी और विद्युत कार्य, वार्ड 42 से धरहरा कोठी, नया टोला, मारवाड़ी कॉलोनी, रामजी बाबू गली एवं दिनकर गोलंबर के पास नाला-सह-सड़क और मैनहोल मरम्मत की योजनाएं भेजी गई हैं. वहीं वार्ड 48 से जी-1 भवन, हसनपुर चाय टोला और बेगम गली में नाला-सह-सड़क निर्माण का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है. नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अन्य वार्डों से प्रस्ताव प्राप्त होते ही योजनाओं की स्वीकृति और क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज की जाएगी.
ALSO READ: पटना जंक्शन पर सक्रिय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार, कई मोबाइल बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By करुणा तिवारी
करुणा तिवारी पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और टीवी तथा डिजिटल मीडिया दोनों में व्यापक अनुभव रखती हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दूरदर्शन बिहार (Doordarshan Bihar) से की, जहां समाचारों की प्रस्तुति, रिपोर्टिंग और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम करते हुए उन्होंने पत्रकारिता की मजबूत नींव तैयार की. इसके बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर कदम बढ़ाया और बदलते न्यूज़ इकोसिस्टम के अनुरूप खुद को लगातार विकसित किया.
वर्तमान में करुणा तिवारी प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वह बिहार की राजनीति, अपराध, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार, मौसम,पर्यटन और समसामयिक मुद्दों पर तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित समाचार एवं फीचर लेख तैयार करती हैं. उनकी कोशिश रहती है कि हर खबर केवल सूचना तक सीमित न रहे, बल्कि पाठकों को उसका व्यापक संदर्भ और प्रभाव भी समझा सके.
डिजिटल पत्रकारिता में SEO-फ्रेंडली कंटेंट के अनुरूप समाचार लेखन और पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए आकर्षक एवं उपयोगी कंटेंट लिखती है. वे समाचारों के लिए प्रभावशाली हेडलाइन, सटीक सबहेडिंग और पाठकों की जरूरत के अनुरूप सरल एवं स्पष्ट भाषा का उपयोग करती हैं. समयबद्धता, तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता उनके कार्य की प्रमुख विशेषताएं हैं.
इन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों पर काम करना पसंद है. चुनावी गतिविधियों, सरकारी योजनाओं, स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी नजर रहती है. उनका मानना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज को सही, संतुलित और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराना भी है.
लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने की सोच के साथ करुणा तिवारी आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता की नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाते हुए पाठकों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय कंटेंट पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










