औरंगाबाद में जमीन निबंधन व्यवस्था हुई पेपरलेस, 17 अगस्त से दाउदनगर में भी लागू होगी डिजिटल प्रणाली
युवक को कागजात सौंपती अधिकारी
Aurangabad News : औरंगाबाद निबंधन कार्यालय में जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया अब डिजिटल हो गई है. अब घर बैठे स्लॉट बुक करें और पेपरलेस रजिस्ट्री का लाभ उठाएं. पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.
Aurangabad News : जिला निबंधन कार्यालय में दस्तावेज निबंधन की प्रक्रिया अब पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल हो गयी है. तीन अगस्त से नई व्यवस्था लागू होने के बाद जमीन निबंधन से जुड़ी प्रक्रियाओं में कागजी दस्तावेजों का उपयोग कम कर डिजिटल माध्यम से काम पूरा किया जा रहा है. वहीं, विभागीय आदेश के अनुसार 17 अगस्त से अवर निबंधन कार्यालय, दाउदनगर में भी पेपरलेस निबंधन व्यवस्था शुरू कर दी जायेगी.
ई-निबंधन पोर्टल से घर बैठे भर सकेंगे जानकारी
नई व्यवस्था के तहत आमलोग ई-निबंधन पोर्टल के माध्यम से जमीन निबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं अथवा सेवा प्रदाता की मदद से ऑनलाइन भर सकेंगे. इसके बाद अपनी सुविधा के अनुसार निबंधन के लिए स्लॉट भी बुक किया जा सकेगा. इससे लोगों को निबंधन कार्यालय का बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी.
डिजिटल माध्यम से तैयार होंगे दस्तावेज और हस्ताक्षर
पेपरलेस व्यवस्था में निबंधन की मूल प्रक्रिया पहले की तरह ही रहेगी, लेकिन दस्तावेज तैयार करने और उससे संबंधित प्रक्रियाएं डिजिटल माध्यम से पूरी की जायेंगी. हस्ताक्षर भी डिजिटल माध्यम से किये जायेंगे. इससे दस्तावेजों में अनधिकृत छेड़छाड़ की संभावना कम होगी और निबंधन से संबंधित अभिलेख डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेंगे.
Also Read : नवादा में 440 वोल्ट के तार की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होने पर मिलेगा सहयोग
जिन पक्षकारों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई होगी, उनके लिए निबंधन कार्यालय में ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर की सुविधा उपलब्ध रहेगी. यहां आमजन को आवश्यक जानकारी और सहयोग दिया जायेगा. इसके अलावा सेवा प्रदाता के रूप में उपलब्ध कर्मियों के माध्यम से भी निबंधन से संबंधित जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कराने में सहायता मिलेगी.
मोबाइल, ई-मेल और व्हाट्सऐप पर मिलेगी दस्तावेज की डिजिटल कॉपी
निबंधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निबंधित दस्तावेज की डिजिटल प्रति पक्षकार के पंजीकृत मोबाइल नंबर, ई-मेल और व्हाट्सऐप पर उपलब्ध करायी जायेगी. जरूरत पड़ने पर निबंधन कार्यालय से दस्तावेज की हार्ड कॉपी भी प्राप्त की जा सकेगी. इसके अलावा पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार दस्तावेज की पीडीएफ प्रति भी डाउनलोड कर सकेंगे.
समय और कागज की बचत के साथ बढ़ेगी पारदर्शिता
जिला प्रशासन के अनुसार पेपरलेस निबंधन व्यवस्था से समय और कागज दोनों की बचत होगी. डिजिटल प्रक्रिया से निबंधन व्यवस्था में पारदर्शिता और सुरक्षा भी बढ़ेगी. ऑनलाइन प्रणाली के कारण जमीन निबंधन कराने वाले लोगों को पहले की तुलना में अधिक सरल, सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध होगी. जिला निबंधन कार्यालय ने आमजन से नई डिजिटल व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










