नवादा में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा का दो दिवसीय सत्याग्रह शुरू, गरीबों को जमीन और रोजगार देने की मांग
सत्याग्रह में शामिल लोग
Nawada News : नवादा में खेग्रामस ने बुलडोजर राज के खिलाफ और गरीबों के आवास व अन्य मांगों को लेकर दो दिवसीय सत्याग्रह शुरू किया. जानें पूरी खबर विस्तार से.
Nawada News : विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के आह्वान पर पूर्व निर्धारित राज्यव्यापी दो दिवसीय सत्याग्रह बुधवार से सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शुरू हुआ. 13 और 14 अगस्त को आयोजित इस सत्याग्रह में बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने, गरीबों को आवास और जमीन उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक रोजगार और मनरेगा की बहाली समेत कई मांगें उठायी गयीं.
बुलडोजर कार्रवाई पर रोक और आवास की मांग
सत्याग्रह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से बसे गरीब परिवारों को उजाड़ने के बजाय उन्हें जमीन का पर्चा और आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए. बुलडोजर से गरीबों के तोड़े गये मकानों के बदले 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गयी. साथ ही सभी भूमिहीन गरीब परिवारों को पांच-पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग उठायी गयी.
200 दिन काम और 700 रुपये मजदूरी की मांग
खेग्रामस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा की बहाली और इसे प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की. सत्याग्रह के दौरान प्रत्येक परिवार को 200 दिन का रोजगार और प्रतिदिन 700 रुपये मजदूरी देने की मांग उठायी गयी. वक्ताओं ने बिहार से होने वाले पलायन पर रोक लगाने के लिए स्थानीय स्तर पर सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
Also Read : औरंगाबाद में 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, मंत्री रमा निषाद होंगी शामिल
बिजली बिल और कर्ज माफी की भी उठी मांग
सत्याग्रह में गरीब परिवारों के बकाया बिजली बिल माफ करने और प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने की मांग की गयी. इसके अलावा गरीबों के सभी प्रकार के कर्ज माफ करने का मुद्दा भी उठाया गया. वक्ताओं ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के बीच गरीब परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं.
वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों को 3,000 रुपये पेंशन देने की मांग
सत्याग्रह के दौरान वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 3,000 रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने की मांग की गयी. वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए वर्तमान पेंशन राशि जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है. सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है.
Also Read : औरंगाबाद के मदनपुर में पीएम श्री अनुग्रह उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा
सरकार पर गरीब विरोधी होने का लगाया आरोप
सत्याग्रह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान महासभा के जिला सचिव कॉमरेड नरेंद्र सिंह ने सरकार पर गरीबों और भूमिहीनों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वर्षों से सरकारी जमीन पर बसे गरीबों को पर्चा देने के बजाय उन्हें बेदखल करने की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने अमेरिका बीघा का उदाहरण देते हुए कहा कि गरीबों के हितों की अनदेखी की जा रही है.
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
कॉमरेड नरेंद्र सिंह ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, बलात्कार और राहजनी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत है. साथ ही उन्होंने कहा कि गरीबों और मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर खेग्रामस आगे भी संघर्ष जारी रखेगा.
बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता हुए शामिल
सत्याग्रह की अध्यक्षता नवादा ग्रामीण प्रभारी कॉमरेड सुदामा देवी ने की. कार्यक्रम को भाकपा माले जिला कमेटी सदस्य कॉमरेड प्रमोद यादव, मंटू कुमार, श्यामदेव विश्वकर्मा, सावित्री देवी और संपतिया देवी ने संबोधित किया. मौके पर सुगिया देवी, संजू देवी, बच्चू मांझी, सुधीर मांझी, महावीर राम, कुंती देवी समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
Also Read : औरंगाबाद डाक प्रमंडल ने निकाली प्रभात फेरी, ‘हर घर तिरंगा’ के लिए लोगों को किया जागरूक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









