सरस्वती शिशु मंदिर में विद्या भारती की 37वीं क्षेत्रीय वॉलीबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ

कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारी व अन्य
Aurangabad News : औरंगाबाद के सरस्वती शिशु मंदिर में विद्या भारती की 37वीं क्षेत्रीय वॉलीबॉल और कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा।
Aurangabad News : शहर के ठाकुरबाड़ी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र की 37वीं क्षेत्रीय वॉलीबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ. दो दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर-पूर्व क्षेत्र के विभिन्न प्रांतों से आए खिलाड़ी वॉलीबॉल और कुश्ती स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का हुआ उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार तथा अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया. विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया.
खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का आह्वान
प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए बांका जिला खेल पर्यवेक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद ने कहा कि एसजीएफआई की राष्ट्रीय सूची में विद्या भारती के शिशु मंदिरों को छठा स्थान मिलना गर्व की बात है. उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया. मुख्य अतिथि श्वेता प्रियदर्शी ने खिलाड़ियों को बिना तनाव के पूरे उत्साह के साथ खेलने की सलाह दी तथा अभिभावकों से बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की. पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का उत्कृष्ट कार्य कर रहा है.
शिक्षा के साथ खेल और संस्कार पर दिया जा रहा समान महत्व
प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ी पूंजी है और विद्या भारती शिक्षा के साथ खेल तथा संस्कार को समान महत्व देती है. कार्यक्रम में रागिनी ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई, जबकि चाहत ने प्रेरणादायी एकल गीत प्रस्तुत किया. खेल संयोजक आलोक चौधरी ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी. मंच संचालन राकेश कुमार पांडेय ने किया.
उद्घाटन के बाद शुरू हुईं प्रतियोगिताएं
उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न आयु वर्गों की वॉलीबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता में विभिन्न प्रांतों से आए खिलाड़ी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










