अयोध्या मेडिकल कॉलेज में मिला 'बम बनाने का पर्चा', मचा हड़कंप, तीन छात्र हिरासत में

सांकेतिक तस्वीर
UP News: अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में एक संदिग्ध पर्चा मिलने से हड़कंप मच गया. एक्स-रे विभाग की दराज में मिले इस पर्चे में बम बनाने की विधि का कथित तौर पर उल्लेख था. पुलिस ने मामले में तीन छात्रों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है.
UP News: प्रदेश के अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में शनिवार सुबह बम बनाने की कथित विधि और लेआउट लिखा एक संदिग्ध पर्चा मिलने से हड़कंप मच गया. पर्चा एक्स-रे विभाग की एक दराज से मिला, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
एक्स-रे विभाग की दराज में मिला संदिग्ध पर्चा
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे एक्स-रे विभाग के प्रभारी ने ड्यूटी संभालने के दौरान दराज खोली तो उसमें बम बनाने की कथित जानकारी वाला पर्चा मिला. इसकी सूचना तुरंत मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अरविंद सिंह को दी गई.
तीन छात्र हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध दस्तावेज को कब्जे में ले लिया. प्रारंभिक जांच में शुक्रवार रात एक्स-रे रूम में ड्यूटी पर रहे प्रथम वर्ष के छात्र सरफराज पर शक जताया गया. पुलिस ने सरफराज समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
शरारत या साजिश? हर एंगल से जांच
पुलिस और खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है या फिर माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से की गई शरारत. कॉलेज प्रशासन ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है.
सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: नई SIT के रडार पर चंपत राय! अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले में 200 लोगों को नोटिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Tilak Kumar
तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










