शेरघाटी में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के बाद तनाव, डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
गांव में गमगीन परिजन और ग्रामीण

गांव में गमगीन परिजन और ग्रामीण

Gaya Ji News : शेरघाटी के झौर गांव में 15 वर्षीय पंकज की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने जांच शुरू की, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप.

विज्ञापन

Gaya Ji News : शेरघाटी थाना क्षेत्र के झौर गांव में 15 वर्षीय किशोर पंकज उर्फ बंडा मांझी की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना ने कानून-व्यवस्था और ग्रामीण स्तर पर बढ़ती भीड़ हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

पहले भी चोरी के आरोप में दर्ज हुई थी प्राथमिकी

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के खिलाफ पहले भी घर में घुसकर चोरी करने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई थी. बताया जाता है कि 9 जुलाई को एक घर में घुसने की घटना के बाद 10 जुलाई को थाना में आवेदन दिया गया था. इसके बाद 18 जुलाई को उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी. गुरुवार की रात भी झौर गांव के दो घरों में घुसने की बात सामने आई. इसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.

विलाप करते परिजन
विलाप करते परिजन

परिजनों ने लगाया बेरहमी से पिटाई का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि पंकज को पकड़ने के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. मृतक की मां मुनिया देवी ने आरोप लगाया कि उसके हाथ-पैर बांधकर एक घर में रखा गया और लगातार पीटा गया. उन्होंने यह भी कहा कि पानी मांगने पर भी उसे पानी नहीं दिया गया. वहीं दादी ससीया देवी ने बताया कि देर रात कई लोग उनके घर पहुंचे, पंकज को खोजकर अपने साथ ले गए और उसके बाद उसकी पिटाई की गई.

अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलने पर शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया.

डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी संदीप कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर नेयाज अहमद और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार घटनास्थल पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हत्या के मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read : गया जी के शेरघाटी में चोर होने के शक में किशोर की पीट-पीटकर हत्या, दो हिरासत में, गांव में तनाव



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन