कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 25 मूक-बधिर छात्राओं को मिला हियरिंग एड, आत्मनिर्भर बनने का मिला संदेश

कुटुंबा में मूक-बधिर छात्राओं को हियरिंग एड वितरित करते डीपीओ संतोष कुमार एवं अन्य अधिकारी
Aurangabad News : कुटुंबा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 25 मूक-बधिर छात्राओं को हियरिंग एड वितरित किए गए। डीपीओ ने बच्चियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा की सराहना की।
Aurangabad News : दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने और उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कुटुंबा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) संतोष कुमार ने विद्यालय में आवासित 25 मूक-बधिर दिव्यांग छात्राओं के बीच हियरिंग एड का वितरण किया.
सामान्य बच्चों के समान मिलें अवसर और सम्मान : डीपीओ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीपीओ संतोष कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चियों को सामान्य बच्चों के साथ पढ़ने-लिखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है. उन्होंने कहा कि समाज और विद्यालयों में उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि दिव्यांग छात्राओं को भी सामान्य बच्चों की तरह सम्मान, अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे हीन भावना का शिकार न हों और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें.
हर दिव्यांग बच्चे में होती है विशेष प्रतिभा
डीपीओ ने कहा कि प्रत्येक दिव्यांग बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है. आवश्यकता इस बात की है कि उसकी पहचान कर उसे निखारने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने बताया कि विभाग दिव्यांग बच्चों को बेहतर शिक्षा, उन्नत जीवन शैली और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
छात्राओं ने सांकेतिक भाषा से दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान मूक-बधिर छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. छात्राओं ने सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) के माध्यम से अपना परिचय दिया तथा अंग्रेजी वर्णमाला, फलों और सब्जियों के नाम प्रस्तुत किए. इसके अलावा कुछ छात्राओं ने रिकॉर्डेड संगीत पर नृत्य की प्रस्तुति भी दी. छात्राओं का आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुति देखकर उपस्थित अधिकारी भावुक हो उठे तथा उनकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की.
विद्यालय की व्यवस्थाओं की हुई सराहना
डीपीओ संतोष कुमार ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए बच्चियों की बेहतरी के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. कार्यक्रम के दौरान आगंतुक अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया.
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी गंगाधर महतो, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणविजय कुमार, संचालक चंद्रशेखर प्रसाद साहू, संसाधन शिक्षक राकेश कुमार, घनश्याम पटेल, मारूफ अली साबरी, प्रभारी वार्डन आंचल कुमारी, व्यावसायिक अनुदेशिका इंदु कुमारी, केयरटेकर रीना कुमारी, उषा देवी, विजय मेहता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










