औरंगाबाद में चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट, बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस, डीजे और हथियारों पर प्रतिबंध

Updated:
विज्ञापन
बैठक में शामिल पदाधिकारी व अन्य

बैठक में शामिल पदाधिकारी व अन्य

Aurangabad News : औरंगाबाद में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण मनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बिना लाइसेंस जुलूस निकालने पर रहेगी पूरी तरह से पाबंदी।

विज्ञापन

Aurangabad News : चार अगस्त को आयोजित होने वाले चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. इसे लेकर नगर थाना परिसर में अनुमंडल प्रशासन की ओर से विभागीय अधिकारियों, जुलूस आयोजकों और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, विधि-व्यवस्था तथा आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.

बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस, डीजे और हथियारों पर रोक

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह एवं सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि चेहल्लुम के अवसर पर निकलने वाले अखाड़ा एवं ताजिया जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. बिना लाइसेंस किसी भी जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी. जुलूस के दौरान डीजे बजाने तथा किसी भी प्रकार के हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. उन्होंने सभी आयोजकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की.

ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

प्रशासन ने बताया कि पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी. किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है. प्रशासन ने जुलूस मार्ग के करीब एक दर्जन संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया है. इन स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था रहेगी.

कर्बला में मेडिकल टीम और दमकल की रहेगी तैनाती

नगर थाना क्षेत्र के नावाडीह रोड स्थित कर्बला में विभिन्न इमामबाड़ों से निकलने वाले सिपहर एवं ताजिया जुलूस का पहलाम कराया जाएगा. कर्बला एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, मेडिकल टीम तथा दमकल वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

बैठक में नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा, सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आजाद खान, सदर अंचल अधिकारी अनुज कुमार, बिजली विभाग के रंजीत गुप्ता, नगर परिषद के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने चेहल्लुम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया.

Also Read : शेरघाटी में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के बाद तनाव, डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस



विज्ञापन
Manish Raj Singham

लेखक के बारे में

By Manish Raj Singham

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन