ePaper

1965 मतदान केंद्रों पर 17 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

Updated at : 11 Apr 2019 6:07 AM (IST)
विज्ञापन
1965 मतदान केंद्रों पर 17 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

औरंगाबाद नगर : औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 1965 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जायेंगे. इसकी सारी प्रशासनिक तैयारी कर ली गयी है. वहीं मतदान केंद्रों के लिए मतदानकर्मी ईवीएम व वीवीपैट लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय के सच्चिदानंद कॉलेज से रवाना हुए. बूथ पर रवाना होने से पूर्व […]

विज्ञापन

औरंगाबाद नगर : औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 1965 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जायेंगे. इसकी सारी प्रशासनिक तैयारी कर ली गयी है. वहीं मतदान केंद्रों के लिए मतदानकर्मी ईवीएम व वीवीपैट लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय के सच्चिदानंद कॉलेज से रवाना हुए. बूथ पर रवाना होने से पूर्व जिलाधिकारी राहुल रंजन महिवाल, पुलिस अधीक्षक दीपक वर्णवाल, एसडीओ प्रदीप कुमार ने मतदान कर्मियों को कई दिशा-निर्देश दिया.

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम ने चुनाव करानेवाले दंडाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराया जायेगा. चुनाव के दौरान जो लोग व्यवधान उत्पन्न करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. वहीं जो लोग चुनाव में बुलेट का प्रयोग करेंगे, उसका जवाब बुलेट से ही दिया जायेगा.
चुनाव में अशांति फैलानेवाले लोगों पर प्रशासन की नजर है. हजारों लोगों के ऊपर धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है. सुरक्षा की दृष्टिकोण से करीब 1500 आर्म्स को जब्त किया गया है. नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हवाई मार्ग से लेकर जमीन तक प्रशासन की चौक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था है. औरंगाबाद संसदीय क्षेत्र में हवाई मार्ग से निरीक्षण किया जायेगा.
इसके लिए हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया है. इसके अलावा प्रत्येक प्रखंड में सुरक्षा की दृष्टिकोण से एयर एंबुलेंस हेलीकॉप्टर उतरने के लिए जगह चिह्नित किया गया है. वहीं सैंकड़ों अर्द्धसैनिक बल जिसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, बीएमपी, एसएसबी, कोबरा, चीता, एसटीएफ, बिहार पुलिस, होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है. इसमें कई जवान घोड़सवार हैं और उसके माध्यम से क्षेत्र का निरीक्षण करते रहेंगे. किसी भी परिस्थिति में अशांति उत्पन्न नहीं होगी.
जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है. दूसरों राज्यों या दूसरे जिलों से आनेवाले सभी लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है. इस लोकसभा चुनाव में कुल नौ उम्मीदवार भाग्य का फैसला आजमा रहे हैं, जिन्हें लोकसभा क्षेत्र के 17 लाख 42 हजार 779 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें नौ लाख 16 हजार 758 पुरुष, आठ लाख 22 हजार 450 महिला जबकि 52 अन्य मतदाता हैं.
मतदान केंद्रों पर धारा 144 रहेगी लागू, जमावड़ा लगाने पर होगी कार्रवाई
ईवीएम लेकर बूथ पर रवाना हुए मतदान कर्मचारी
दिव्यांग मतदाताओं के लिए होगी विशेष व्यवस्था
मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी. व्हीलचेयर से लेकर सहायता के लिए वोलेटिंयर भी तैनात रहेंगे. वहीं आम मतदाताओं के लिए पेयजल, शौचालय समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेगी. औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में 12 आदर्श मतदान केंद्र बनाये गये हैं. इन्हें आकर्षक तरीके से सजाया गया है. यहां फूल देकर मतदाताओं का स्वागत किया जायेगा. वहीं लोकसभा क्षेत्र में तीन बूथों को सखी मतदान केंद्र बनाया गया है. इन मतदान केंद्रों पर चुनाव कर्मी से लेकर पुलिस बल तक सभी महिला कर्मचारी ही तैनात रहेंगी. महिला वोटरों को आकर्षित करने के लिए यह पहल की गयी है.
विधानसभा क्षेत्रवार चुनाव करने का समय
औरंगाबाद विधानसभा सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक
कुटुंबा विधानसभा सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक
रफीगंज विधानसभा सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक
गुरुआ विधानसभा सुबह सात बजे से शाम चार बजे
इमामगंज विधानसभा सुबह सात बजे से शाम चार बजे
टिकारी विधानसभा सुबह सात बजे से शाम चार बजे
गड़बड़ी होने पर यहां करें शिकायत
मतदान के दौरान यदि किसी मतदान केंद्र पर गड़बड़ी उत्पन्न की जा रही है तो अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. कंट्रोल रूम से संपर्क के लिए 06186-222366, 06186-222962, 06186-222963, 06186-222964, 06186-222965 इन नंबरों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अतिरिक्त डीएम 9473191261, डीडीसी 9431818354, एसपी 9431822974, प्रभात खबर 9162304019, 9801570821, 8804687747 पर भी शिकायत दर्ज करायी जा सकती है.
बूथों के 200 मीटर दायरे में वाहन पर प्रतिबंध
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में वाहन के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है. जो भी उम्मीदवार या उनके अभिकर्ता या फिर आमलोग वाहन लेकर बूथ पर जायेंगे तो उन्हें 200 मीटर के बाहर ही वाहन को लगाना होगा. नहीं तो वाहन जब्त कर लिया जायेगा.
वहीं मतदान केंद्र के आसपास दो से अधिक व्यक्ति खड़ा नहीं रहेंगे. क्योंकि मतदान केंद्रों पर धारा 144 लागू की गयी है. मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारियों व जवानों को इसकी सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है.
डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मी रवाना
रफीगंज. लोकसभा चुनाव को संपन्न कराने के लिए डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मी अपने -अपने बूथों पर मतदान कराने के लिए निकल चुके हैं. रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के 348 बूथ पर मतदान कराने के लिए रानी ब्रजराज उच्च विद्यालय रफीगंज में डिस्पैच सेंटर बनाया गया. मंगलवार की सुबह से ही मतदान कर्मियों को सभी सामग्री उपलब्ध कराना शुरू हुआ जो यह प्रक्रिया देर रात तक चली .
इस दौरान पुलिसकर्मी पूरे चुस्ती के साथ क्षेत्र में तैनात रहेंगे. ज्ञात हो कि रफीगंज विधानसभा में कुल 348 बूथ बनाए गए हैं,जिसमें मदनपुर प्रखंड में 153 एवं रफीगंज प्रखंड में 195 बूथ है. डिस्पैच सेंटर पर तैनात अधिकारियों में बीडीओ रितेश कुमार सिंह ,सीओ राघवेंद्र दयाल, आवास पर्यवेक्षक ज्ञानरंजन, डीपीआरओ हरेंद्र चौधरी, सहायक मुकुल कुमार सहित कोषांग कर्मी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे.
पोलिंग एजेंट के पास मोबाइल मिला, तो होगी कार्रवाई
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार लोकसभा चुनाव में पोलिंग एजेंट के मोबाइल रखने पर रोक लगायी गयी है. आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट के रूप में जो भी व्यक्ति किसी उम्मीदवार के पक्ष में आयेंगे, वे अपने पास मोबाइल नहीं रखेंगे. वरना मोबाइल पकड़े जाने पर न सिर्फ कार्रवाई की जायेगी बल्कि जेल जाने तक की नौबत आ सकती है. यही नहीं पोलिंग एजेंट के मतदान केंद्र से बाहर-अंदर बार-बार आने-जाने पर भी रोक रहेगी. अधिकारी व पुलिस बल इसपर नजर रखेंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन