आरा : ट्रक और यात्रियों से भरी बस की जोरदार टक्कर, चालक समेत आधा दर्जन लोग घायल

हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
आरा शहर में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक और यात्रियों से भरी बस की सीधी टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में बस चालक सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए.
आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र स्थित बाईपास रोड सपना सिनेमा मोड़ के समीप शुक्रवार की सुबह ट्रक और सवारियों से भरी बस के बीच सीधी भिड़ंत हो गई.
इस भीषण हादसे में बस चालक समेत आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए. घटना की सूचना पाकर ट्रैफिक थानाध्यक्ष नागेंद्र राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया.
दो जख्मियों का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल दो लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. वहीं, गंभीर रूप से घायल बस चालक और अन्य लोगों का इलाज उनके परिजनों द्वारा निजी अस्पताल में कराया जा रहा है.
जख्मियों में बड़हरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी तारकनाथ का 22 वर्षीय पुत्र रविंद्र कुमार, अमावश राय का 23 वर्षीय पुत्र रमाशंकर राय एवं चालक समेत चार अन्य लोग शामिल हैं.
बबुरा से आरा आ रही थी बस
घायल रविंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्त रमाशंकर राय के साथ छपरा से आ रही सवारी बस पर बबुरा से चढ़कर आरा आ रहा था.
इसी दौरान बाईपास रोड पर सपना सिनेमा मोड़ के पास पीछे से आ रही ट्रक और बस की सीधी टक्कर हो गई. इस भिड़ंत में चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि रविंद्र, उनका दोस्त रमाशंकर और तीन अन्य सवारी मामूली रूप से चोटिल हो गए.
Also Read : नालंदा : झमाझम बारिश से राजगीर के कई इलाकों में जलजमाव, सड़कों पर बहने लगा नालों का पानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










