आरा : वर्षों से अधूरा पड़ा शिवपुर पुल और पहुंच पथ का निर्माण कार्य फिर शुरू, 4.40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही परियोजना

Updated:
विज्ञापन
दुर्गटोला–फरहदा पथ पर शिवपुर के समीप बंद पड़ा पुल एवं पहुंच पथ निर्माण कार्य दोबारा शुरू | Prabhat Khabar Network

दुर्गटोला–फरहदा पथ पर शिवपुर के समीप बंद पड़ा पुल एवं पहुंच पथ निर्माण कार्य दोबारा शुरू | Prabhat Khabar Network

Arrah News : बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के शिवपुर में वर्षों से अधूरा पड़ा पुल और पहुंच पथ का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है. 4.40 करोड़ की लागत से हो रहे इस निर्माण से सात पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होगा.

विज्ञापन

Arrah News : बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के दुर्गटोला–फरहदा पथ पर शिवपुर के समीप लंबे समय से बंद पड़ा पुल एवं पहुंच पथ निर्माण कार्य आखिरकार बुधवार से दोबारा शुरू हो गया. निर्माण स्थल पर मशीनों की गड़गड़ाहट और मजदूरों की सक्रियता देखकर क्षेत्र के लोगों के चेहरे खिल उठे.

वर्षों से अधूरे पड़े इस महत्वपूर्ण परियोजना के फिर से शुरू होने से सात पंचायतों के हजारों ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. लोगों को उम्मीद है कि अब जल्द ही आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा.

4.40 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत इस मार्ग पर 211.52 मीटर पहुंच पथ और 61.41 मीटर लंबे पुल का निर्माण 440.44 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है.

यह सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है, लेकिन निर्माण कार्य लंबे समय से बंद रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने, मरीजों को अस्पताल ले जाने तथा आम लोगों के दैनिक आवागमन में काफी कठिनाइयां हो रही थीं. बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी.

जनआंदोलन की चेतावनी और डीएम के निर्देश का असर

इस समस्या को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ सिंह लगातार सक्रिय रहे. उन्होंने कई बार ग्रामीण कार्य विभाग, निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया तथा बंद पड़े निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी भी दी थी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा.

मामले की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विभाग हरकत में आया और बुधवार से निर्माण स्थल पर मशीनें, मजदूर और तकनीकी कर्मियों की तैनाती कर कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया.

सात पंचायतों के हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

निर्माण कार्य शुरू होने पर समाजसेवी विश्वनाथ सिंह ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि अब विभाग और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके.

उन्होंने कहा कि दुर्गटोला–फरहदा पथ क्षेत्र की जीवनरेखा है. इसके निर्माण से सात पंचायतों के हजारों लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार से जुड़े कार्यों में भी तेजी आएगी.

वहीं निर्माण कार्य शुरू होने की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की. लोगों ने उम्मीद जताई कि इस बार निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा होगा, और जल्द ही पुल एवं सड़क बन जाने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कराने की भी मांग की, ताकि गुणवत्ता के साथ समय पर योजना पूरी हो सके.

Also Read : चतरा गार्ड हत्याकांड : JDU विधायक के बेटे रॉकी यादव और सरकारी गार्ड हिरासत में, मां के सरकारी बॉडीगार्ड को लेकर घूमने का आरोप


विज्ञापन
संतोष कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन